नोएडा, 19 अगस्त । थाना ईकोटेक-तीन क्षेत्र के औद्योगिक बिहार के प्लाट नंबर -71 में स्थित लकड़ी का सामान बनाने वाली कंपनी में बुधवार की शाम को भयंकर आग लग गई। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची दमकल विभाग की 10 गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। इस घटना में कोई जनहानि नहीं है।
मुख्य दमकल अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि थाना ईकोटेक-तीन क्षेत्र के औद्योगिक क्षेत्र के प्लाट नंबर-71 में लकड़ी की डाईयां और अन्य सामान बनाने की एक कंपनी है। उक्त कंपनी में बुधवार की शाम को अज्ञात कारण से आग लग गई। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची दमकल विभाग की 10 गाड़ियों ने करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। उन्होंने बताया कि कूल डाउन की प्रक्रिया जारी है।
सीएफओ ने बताया कि इस घटना में अभी तक कोई जनहानि की सूचना नहीं है। आग पूरी तरह से बूझने के बाद सर्च किया जाएगा। उन्होंने बताया कि उसके बाद ही आग लगने के कारण और आग से हुए नुकसान का आकलन हो पाएगा।