राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेता मनोज बाजपेयी जल्द ही निर्देशक सुधीर मिश्रा की आगामी फिल्म में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की भूमिका निभाते नजर आएंगे। यह फिल्म भारत के स्वतंत्रता संग्राम के एक महत्वपूर्ण और कम चर्चित अध्याय को बड़े पर्दे पर प्रस्तुत करेगी। मनोज बाजपेयी के इस नए अवतार को लेकर दर्शकों और सिनेमा प्रेमियों के बीच उत्सुकता बढ़ गई है।
फिल्म का निर्माण अनुभव सिन्हा की प्रोडक्शन कंपनी बनारस मीडियावर्क्स कर रही है, जबकि एनएच स्टूडियोज के नरेंद्र हीरावत इसके निर्माता और प्रस्तुतकर्ता हैं। फिल्म में दिग्गज अभिनेता सौरभ शुक्ला भी अहम भूमिका निभाएंगे। निर्देशक सुधीर मिश्रा अपनी राजनीतिक और सामाजिक विषयों पर आधारित फिल्मों के लिए जाने जाते हैं और इस परियोजना को भी उनकी महत्वाकांक्षी फिल्मों में से एक माना जा रहा है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म वर्ष 1947 के उन 21 दिनों की कहानी पर आधारित होगी, जब देश आजादी की दहलीज पर था, लेकिन महात्मा गांधी सत्ता और उत्सव से दूर रहे। फिल्म गांधी जी के जीवन के उस दौर को नए नजरिए से दिखाएगी, जब उन्होंने दिल्ली की राजनीतिक गतिविधियों से अलग रहकर अपने सिद्धांतों और विचारों को प्राथमिकता दी थी। सुधीर मिश्रा का कहना है कि यह कहानी गांधी जी के व्यक्तित्व और उनके ऐतिहासिक निर्णयों की गहराई को समझने का प्रयास है। वहीं, मनोज बाजपेयी ने अपने करियर में ‘सत्या’, ‘शूल’, ‘पिंजर’, ‘अलीगढ़’ और ‘द फैमिली मैन’ जैसी चर्चित परियोजनाओं के जरिए अपनी अभिनय क्षमता साबित की है। अब ‘भीखू म्हात्रे’ से लेकर ‘बापू’ तक की उनकी यह यात्रा दर्शकों के लिए एक नया और यादगार अनुभव साबित हो सकती है।