भव्य तिरंगा यात्रा में शामिल हुए अर्जुन मुंडा

Share

खूंटी , 13 अगस्त । स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति के रंग में रंगे खूंटी शहर में गुरुवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की अगुवाई में आयोजित इस यात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, भाजपा कार्यकर्ता और स्कूली बच्चे शामिल हुए।

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ खूंटी क्लब से हुआ। आकर्षक ड्रमसेट और विभिन्न वाद्ययंत्रों की देशभक्ति धुनों के बीच हाथों में तिरंगा लेकर लोगों ने उत्साहपूर्वक यात्रा में भाग लिया। यात्रा नेताजी चौक, मेन रोड होते हुए भगत सिंह चौक पहुंची। इसके बाद डाक बंगला रोड से गुजरते हुए यात्रा पुनः खूंटी क्लब पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।

यात्रा के दौरान पूरा शहर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। प्रतिभागियों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारे लगाते हुए राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना का प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों की भागीदारी ने यात्रा को विशेष आकर्षण प्रदान किया।

तिरंगा यात्रा में भाजपा जिलाध्यक्ष आनंद कुमार, मनोज कुमार, ज्योतिष भगत, कृष्णानंद तिवारी, निखिल कंडुलना, लव चौधरी, मुकेश जायसवाल, राजेश्वर गुप्ता सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी और अन्य लोग उपस्थित थे।