बाल हितैषी विधिक सेवाओं को लेकर छात्राओं को किया जागरूक

Share

खूंटी, 31 अगस्त । खूंटी जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से सोमवार को पीएम श्री कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, मुरहू में “नालसा–बालकों के लिए बाल-हितैषी विधिक सेवाएं योजना, 2024” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देश एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, खूंटी के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में करीब 108 छात्राओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव कमलेश बेहरा, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी एमडी अल्ताफ, मुख्य विधिक सहायता बचाव परामर्शी राजीव कमल और विद्यालय की प्रभारी प्राचार्या उपस्थित थीं। अधिकारियों ने किशोर न्याय (बालकों की देखरेख और संरक्षण) अधिनियम, 2015 के प्रावधानों की जानकारी दी। बताया गया कि विधि से संघर्षरत और देखरेख एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों को विधिक सहायता उपलब्ध कराना जिला विधिक सेवा प्राधिकार का दायित्व है।

कार्यक्रम में शिक्षा का अधिकार अधिनियम, 2009 के प्रावधानों पर भी चर्चा की गई। छात्राओं को बताया गया कि 06 से 14 वर्ष तक के बच्चों के लिए निःशुल्क और अनिवार्य शिक्षा का प्रावधान है। साथ ही नालसा की प्रोजेक्ट शिक्षा योजना, पॉक्सो मामलों में पीड़ित प्रतिकर योजना और दिव्यांगजनों के अधिकारों की जानकारी दी गई। सहायक उपकरण उपलब्ध कराने और पात्र लोगों को कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के प्रयासों से भी अवगत कराया गया।

इस अवसर पर 90 दिवसीय सघन विधिक जागरूकता और आउटरीच अभियान 2026 के तहत जून में आयोजित रील मेकिंग, निबंध लेखन और चित्रकला प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

रील मेकिंग में बिरसा कॉलेज की बीएससी प्रथम वर्ष की छात्राएं पल्लवी और मुस्कान प्रथम रहीं। निबंध लेखन में रनिया कस्तूरबा विद्यालय की कक्षा 11 की करिश्मा और चित्रकला में कक्षा 09 की लक्ष्मी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय और तृतीय स्थान पाने वाले प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया। यह जानकारी डालसा खूंटी के सचिव कमलेश बेहरा ने दी।