खूंटी , 26 अगस्त । पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के यौम-ए-पैदाइश (जन्मदिन) के मुबारक मौके पर बुधवार को तोरपा में ईद-ए-मिलादुन्नबी का जुलूस बेहद अकीदत, एहतराम और हर्षोल्लास के साथ निकाला गया।
यह जुलूस मस्जिद-ए-अक्सा से प्रारंभ होकर मेन रोड होते हुए कुल्डा बस्ती तक गया। इसके बाद जुलूस वापस उसी मार्ग से लौटकर मस्जिद-ए-अक्सा के समीप पहुंचा, जहां दुआ-खैर के साथ इसका शांतिपूर्ण समापन हुआ।
जुलूस में बड़ी संख्या में मुस्लिम धर्मावलंबी, बुजुर्ग, युवा और बच्चे हाथों में इस्लामी परचम (झंडे) थामे शामिल हुए। पूरा मार्ग पैगंबर साहब के शांति व भाईचारे के संदेशों और नारों से गुंजायमान रहा। इस दौरान प्रस्तुत की गईं इस्लामी प्रतीकों की झांकियां विशेष रूप से मक्का शरीफ और मदीना शरीफ का मनमोहक प्रारूप लोगों के आकर्षण का मुख्य केंद्र बना रहा।
आयोजन के दौरान मस्जिद-ए-अक्सा के इमाम शेर मोहम्मद, हाफिज एजाज अहमद, कैसर खान, मस्जिद-ए-अक्सा के सदर कलीम खान, शहजाद खान, मन्नू, शाहिद अहमद सहित अन्य मौजूद थे।