उपायुक्त ने पीएम श्री कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का किया निरीक्षण, छात्राओं से किया संवाद

Share

खूंटी, 03 अगस्त । उपायुक्त मो. जावेद हुसैन ने सोमवार को खूंटी प्रखंड के कालामाटी स्थित पीएम श्री कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का निरीक्षण कर शैक्षणिक गतिविधियों, छात्रावास की व्यवस्थाओं और आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नियमित पठन-पाठन, स्वच्छता और छात्राओं के बेहतर परीक्षा परिणाम सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विद्यालय के कक्षों, प्रधानाध्यापक कक्ष, लिपिक कक्ष, रसोईघर तथा छात्राओं को परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने निर्धारित मेनू के अनुरूप भोजन उपलब्ध कराने, पर्याप्त संख्या में रसोइयों की तैनाती सुनिश्चित करने तथा स्वच्छता के मानकों का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने शिक्षकों से कहा कि छात्राओं की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की जाए और नियमित रूप से गुणवत्तापूर्ण कक्षाओं का संचालन किया जाए। साथ ही पढ़ाई में कमजोर छात्राओं की पहचान कर उनके लिए विशेष कक्षाओं की व्यवस्था करने का निर्देश दिया, ताकि उनकी शैक्षणिक प्रगति में सुधार हो सके।

उपायुक्त ने विशेष रूप से कक्षा 10वीं और 12वीं की छात्राओं की बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी पर जोर देते हुए कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर पाठ्यक्रम पूरा कराया जाए तथा समय-समय पर असेसमेंट टेस्ट आयोजित कर छात्राओं की तैयारी का मूल्यांकन किया जाए।

विद्यालय परिसर की साफ-सफाई, अनुशासन और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने छात्राओं से भी संवाद किया। उन्होंने छात्राओं से उनकी पढ़ाई, विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं और शिक्षण व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। साथ ही उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने, उच्च लक्ष्य निर्धारित करने और बेहतर भविष्य के लिए निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।

निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी, विद्यालय की वार्डन तथा शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।

———-