चंडीगढ़, 05 अगस्त । हरियाणा सरकार तथा आंदोलनरत पालिका कर्मचारियों के बीच हुई बैठक में मांगों को लेकर सहमति नहीं बन सकी। इसके चलते नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा एवं हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन ने छह अगस्त से प्रदेश भर में तीन दिन की हड़ताल का ऐलान कर दिया है।
बुधवार को चंडीगढ़ स्थित हरियाणा निवास में कई घंटे तक चली बैठक में हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण बेदी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण गुप्ता, शहरी स्थानीय निकाय विभाग के कमिश्नर एवं सचिव अशोक कुमार मीणा, हरियाणा अग्निशमन विभाग के महानिदेशक शेखर विद्यार्थी तथा निकाय एवं अग्निशमन विभाग के अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
कर्मचारी पक्ष की ओर से नगरपालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री, राज्य महासचिव मांगेराम तिगरा, वरिष्ठ उपप्रधान रमेश तुषामड़, कोषाध्यक्ष महेंद्र सिंह, मुख्य संगठनकर्ता शिवचरण, हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन की ओर से राज्य प्रधान राजेंद्र सिंह, महासचिव गुलशन भारद्वाज, वरिष्ठ प्रधान राजीव खत्री, कोषाध्यक्ष सुखदेव सिंह, सुनील सारवान सहित अन्य प्रतिनिधि शामिल हुए।
बैठक के बाद नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री व अन्यों ने आरोप लगाया कि सरकार ने 13 मई को हुए समझौते को लागू न करके कर्मचारियों के साथ वादाखिलाफी की है। उन्होंने बताया कि 13 मई के समझौते में सफाई कर्मियों, सीवर कर्मचारियों, माली, बेलदार, इलेक्ट्रिशियन, हेल्पर, क्लर्क तथा फायर विभाग के ड्राइवर एवं फायरमैन को 30 जून तक पक्का करने, सफाई एवं सीवर कार्य का ठेका समाप्त करने, ठेका कर्मचारियों को विभाग के रोल पर लेने, तब तक बैंक के माध्यम से न्यूनतम वेतन एवं श्रम कानूनों के सभी लाभ सुनिश्चित करने, लंबे समय से रिक्त पड़े सफाई एवं सीवर कर्मचारियों के पदों पर नियमित भर्ती करने, एक्स-ग्रेशिया नीति की शर्तों में संशोधन कर कच्चे कर्मचारियों को उसका लाभ देने, 58 एवं 60 वर्ष की आयु पूरी करने वाले कच्चे कर्मचारियों को ग्रेच्युटी एवं 5 लाख सम्मान राशि देने, चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने, गुरुग्राम के 3480 कर्मचारियों सहित सभी छंटनीग्रस्त कर्मचारियों को पुन: ड्यूटी पर लेने, सफाई कर्मचारियों को 5,000 रुपये जोखिम भत्ता तथा फायर कर्मचारियों को वर्दी एवं जोखिम भत्ता देने, फरीदाबाद अग्निकांड में शहीद रणबीर एवं भविष्य में शहीद होने वाले कर्मचारियों के आश्रितों को 50-50 लाख की सहायता राशि तथा नियमित नौकरी देने सहित 17 मांगों पर सहमति बनी थी।
नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार आज की बैठक में भी इन सहमत मांगों के संबंध में कोई आदेश जारी नहीं कर सकी और केवल आश्वासन देती रही। सरकार के इस रवैये से नाराज होकर नगरपालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा एवं हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन ने पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार 6, 7 और 8 अगस्त की तीन दिवसीय राज्यव्यापी हड़ताल जारी रखने का ऐलान किया है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 8 अगस्त तक सरकार सहमत मांगों को लागू करने के आदेश जारी नहीं करती, तो कर्मचारी संगठन तीन दिवसीय हड़ताल को अनिश्चितकालीन हड़ताल में बदलने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी हरियाणा सरकार की होगी।