मऊ के अनंत ने माउंट कुन पर फहराया तिरंगा, अब एवरेस्ट की तैयारी

Share

मऊ, 27 अगस्त । उत्तर प्रदेश के मऊ – मुहम्मदाबाद गोहना तहसील क्षेत्र के बरस्वां गांव निवासी पर्वतारोही एवं पर्वतारोहण प्रशिक्षक अनंत सिंह ने 22 अगस्त को लद्दाख की 7,077 मीटर ऊंची माउंट कुन चोटी पर सफलतापूर्वक आरोहण कर तिरंगा फहराया। 13 सदस्यीय जर्मन पर्वतारोहण दल के साथ शुरू हुए अभियान में नौ पर्वतारोहियों ने शिखर तक पहुंचने में सफलता हासिल की।

बर्फीली हवाओं और ऑक्सीजन की कमी के बीच चुनौतीपूर्ण चढ़ाई में अनंत सिंह ने बताया कि माउंट कुन का अभियान बेहद कठिन रहा। अत्यधिक ऊंचाई, ऑक्सीजन की कमी, तकनीकी एवं बर्फीली चढ़ाई, तेज हवाओं, बदलते मौसम और कड़ाके की ठंड के बीच उन्हें बेहद सावधानी से आगे बढ़ना पड़ा। क्रैम्पान, रस्सियों और अन्य पर्वतारोहण उपकरणों की मदद से चढ़ाई पूरी की गई।

शिखर फतह के बाद उसी दिन लौटे बेस कैंप

22 अगस्त को माउंट कुन के शिखर पर तिरंगा फहराने के बाद अनंत सिंह उसी दिन बेस कैंप लौट आए। वापसी के दौरान उनके पैर के अंगूठे में फ्रॉस्टबाइट के शुरुआती लक्षण दिखाई दिए। इसके बाद समय रहते सुरक्षित रूप से नीचे लौटना अभियान की प्राथमिकता बनी।

12 से अधिक हिमालयी अभियानों का अनुभव

अनंत सिंह इससे पहले कांग यात्से-2 समेत हिमालय की कई चोटियों पर सफल अभियान कर चुके हैं। उन्हें 12 से अधिक हिमालयी अभियानों का अनुभव है। पर्वतारोहण प्रशिक्षक के रूप में कार्य कर चुके अनंत पर्वतारोहण के साथ स्कीइंग और माउंटेन सर्च एंड रेस्क्यू में भी प्रशिक्षित हैं।

धैर्य और अनुशासन की हुई परीक्षा

अनंत ने बताया कि माउंट कुन का अभियान उनके लिए धैर्य, अनुशासन और सही समय पर सही निर्णय लेने की परीक्षा रहा। उनके अनुसार किसी भी पर्वत अभियान में शिखर तक पहुंचना महत्वपूर्ण है, लेकिन सुरक्षित वापस लौटना उससे भी अधिक जरूरी है।

अब एवरेस्ट फतह करने का लक्ष्य

माउंट कुन की सफलता के बाद अनंत सिंह ने अब दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट को फतह करने का लक्ष्य तय किया है। उनका कहना है कि आने वाले समय में एवरेस्ट अभियान के लिए पूरी तैयारी और अनुभव का इस्तेमाल करते हुए इस लक्ष्य को हासिल करने का प्रयास करेंगे।