अक्टूबर तक तैयार हो जाएगा कोटद्वार का नया रेलवे स्टेशन

Share

पौड़ी गढ़वाल, 11 अगस्त । कोटद्वार में निर्माणाधीन नए रेलवे स्टेशन का काम अब अंतिम चरण की ओर बढ़ रहा है। मंगलवार को मुरादाबाद मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) पारितोष गौतम ने मंगलवार को स्टेशन परिसर का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार स्टेशन का निर्माण कार्य अक्टूबर तक पूरा होने की उम्मीद है। इसके बाद स्टेशन के उद्घाटन की तैयारियां शुरू की जाएंगी।

निरीक्षण के दौरान एडीआरएम ने स्टेशन भवन, प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया और यात्रियों के लिए विकसित की जा रही अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों से निर्माण की वर्तमान स्थिति, गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाए और सभी कार्य तय समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं। एडीआरएम पारितोष गौतम ने फोन पर कोटद्वार विधायक ऋतु खंडूड़ी भूषण से भी बातचीत की। विधायक ने स्टेशन पर यात्रियों और स्थानीय लोगों के लिए उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए स्टेशन परिसर में पर्याप्त सीसीटीवी कैमरे लगाने, स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने समेत अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

विधायक ने कहा कि नया रेलवे स्टेशन कोटद्वार के लिए महत्वपूर्ण परियोजना है। स्टेशन शुरू होने के बाद यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ ही क्षेत्र में पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक निर्माणाधीन स्टेशन का कार्य अक्टूबर माह तक पूरा किए जाने का लक्ष्य है। निर्माण पूरा होने के बाद उद्घाटन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। नए स्टेशन के अस्तित्व में आने से कोटद्वार आने-जाने वाले यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। साथ ही इसे क्षेत्र के पर्यटन और आर्थिक विकास की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान जनसंपर्क अधिकारी मनीराम शर्मा, विधायक प्रतिनिधि कमल नेगी, महेश नेगी एवं राजेंद्र जेजेडी मौजूद रहे। इसके अलावा वरिष्ठ मंडल वाणिज्यिक प्रबंधक महेश यादव, वरिष्ठ मंडल अभियंता (चतुर्थ) करनप्रीत सिंह, उप मुख्य अभियंता रिषभ, स्टेशन अधीक्षक कोटद्वार मनोज रावत, मुख्य वाणिज्यिक निरीक्षक नजीबाबाद राजेंद्र कुमार मीना सहित रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।