वाराणसी, 31 जुलाई (हि. स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने शुक्रवार को अपने खोजवा स्थित आवास पर शहीद उधम सिंह के बलिदान दिवस और साहित्यकार मुंशी प्रेमचंद की जयंती पर उन्हें बारंबार नमन किया।
भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कहा कि अमर शहीद उधम सिंह के बलिदान दिवस पर उनके चरणों में नमन करता हूँ। अद्वितीय साहस व पराक्रम के प्रतीक उधम सिंह ने जलियाँवाला बाग नरसंहार में शहीद हुए देशवासियों का लंदन में प्रतिशोध लेकर अंग्रेजी हुकूमत को दहशत में लाने का काम किया। साथ ही, गदर पार्टी के माध्यम से उन्होंने विदेशों में रह रहे भारतीयों के मन में आजादी की अलख जगाने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि स्वाधीनता के लिए हँसते-हँसते फाँसी का फंदा चूमने वाले शहीद उधम सिंह का जीवन धैर्य, संकल्प और राष्ट्रभक्ति का अप्रतिम उदाहरण है। आज उन्हें बलिदान दिवस पर नमन कर स्मरण कर रहे हैं।
वही, अशोक चौरसिया ने हिंदी साहित्य के महान साहित्यकार मुंशी प्रेमचंद की जयंती पर उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि ‘कथा सम्राट’ के रूप में विख्यात प्रेमचंद ने अपने साहित्य में घटनाओं का ऐसा सजीव चित्रण किया कि उनकी रचनाएँ आज भी जीवंत प्रतीत होती हैं। एक ओर उन्होंने अपने लेखन से समाज की पीड़ा, विषमताओं और शोषण को स्वर दिया, तो दूसरी ओर बाल कहानियों के जरिए बच्चों की संवेदनाओं का अत्यंत सरल व प्रभावी चित्रण किया। आदर्श लेखन को समझने के लिए आज भी प्रेमचंद जी का साहित्य प्रेरणा व मार्गदर्शन का सर्वोत्तम स्रोत है।