प्रयागराज, 28 जुलाई । शहर के प्रत्येक नागरिक को शुद्ध, सुरक्षित और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी लक्ष्य के तहत चौखंडी के यतीम खाना मोहल्ले में मिनी रिबोर नलकूप का शिलान्यास किया गया, जिससे 500 से अधिक घरों को नियमित एवं स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिलेगी। उक्त बातें मंगलवार को मिनी रिबोर नलकूप निर्माण कार्य का विधिवत पूजा-अर्चना के साथ शिलान्यास के बाद महापौर गणेश केसरवानी ने कहीं।
नगर निगम प्रयागराज ने शहर में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए वार्ड संख्या-94 चौखंडी के अंतर्गत यतीम खाना मोहल्ले में मिनी रिबोर नलकूप निर्माण कार्य का विधिवत पूजा-अर्चना के साथ शिलान्यास किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महापौर गणेश केसरवानी ने कहा कि जिन क्षेत्रों में लंबे समय से पेयजल आपूर्ति की समस्या बनी हुई है, वहां प्राथमिकता के आधार पर नए नलकूप, मिनी रिबोर नलकूप और जलापूर्ति से जुड़ी परियोजनाएं तेजी से पूरी कराई जा रही हैं।
महापौर ने कहा कि बढ़ती आबादी और पानी की बढ़ती मांग को देखते हुए पेयजल व्यवस्था को मजबूत बनाना समय की जरूरत है। उन्होंने बताया कि इस मिनी रिबोर नलकूप के निर्माण से न केवल जलापूर्ति क्षमता बढ़ेगी, बल्कि गर्मी के मौसम में पानी की किल्लत से भी स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप और निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।
महापौर ने कहा कि नगर निगम जनता की मूलभूत आवश्यकताओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों को गति दे रहा है। इस परियोजना के पूरा होने के बाद यतीम खाना मोहल्ले के 500 से अधिक घरों को नियमित, स्वच्छ और निर्बाध पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।
शिलान्यास कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से बेहतर पेयजल व्यवस्था की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। उन्हें उम्मीद है कि इस परियोजना के पूरा होने के बाद जल संकट की समस्या का स्थायी समाधान होगा।
इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद रूद्र सेन जायसवाल, मुकेश लारा, अकिलुर रहमान, मनोज मिश्रा, सतीश जायसवाल, मोहम्मद शादमान, विष्णु त्रिपाठी, संजय राणा, संदीप उपाध्याय (अधिशासी अभियंता, जलकल), मिथलेश पाल (परियोजना प्रबंधक) सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।