अमृतसर, 02 जुलाई । अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग और राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने महिला समेत तीन यात्रियों से 1 करोड़ रुपये से अधिक कीमत का सोना बरामद किया है। यह यात्री सोने को पेस्ट, जूतों, कड़ों और चेन के रूप में छिपाकर भारत लाने की कोशिश कर रहे थे।
पहले मामले में शारजाह से फ्लाइट नंबर 6E1428 के जरिए अमृतसर पहुंचे एक यात्री को डीआरआई और कस्टम अधिकारियों ने संदेह के आधार पर रोका। जांच, एक्स-रे स्कैनिंग और व्यक्तिगत तलाशी के दौरान उसके पास से पेस्ट के रूप में 174 ग्राम सोना बरामद हुआ। प्रोसेसिंग के बाद इसका शुद्ध वजन 150.04 ग्राम पाया गया, जिसकी कीमत 22 लाख 5 हजार 588 रुपये आंकी गई। यह सोना जूतों के अंदर छिपाकर लाया जा रहा था।
दूसरे मामले में कस्टम अधिकारियों ने शारजाह से फ्लाइट नंबर IX-138 से पहुंची एक महिला यात्री को जांच के लिए रोका। तलाशी और एक्स-रे स्कैनिंग के दौरान उसके पास से पेस्ट के रूप में 114 ग्राम सोना बरामद हुआ। प्रोसेसिंग के बाद इसका शुद्ध वजन 90.21 ग्राम पाया गया, जिसकी कीमत 13 लाख 26 हजार 87 रुपये बताई गई।
तीसरे मामले में मेलबर्न से कुआलालंपुर होते हुए फ्लाइट नंबर MH-118 से अमृतसर पहुंचे एक पुरुष यात्री को कस्टम अधिकारियों ने रोका। जांच के दौरान उसके पास से 24 कैरेट सोने के दो कड़े और एक चेन बरामद हुई। बरामद सोने का कुल वजन 484 ग्राम पाया गया, जिसकी कीमत 70 लाख 66 हजार 400 रुपये आंकी गई है।