लंदन, 11 जुलाई । इंग्लिश प्रीमियर लीग क्लब मैनचेस्टर सिटी ने युवा विंगर जेरेमी मोंगा को लीसेस्टर सिटी से पांच साल के अनुबंध पर अपने साथ जोड़ लिया है। क्लब ने शनिवार को इसकी आधिकारिक घोषणा की। 17 वर्षीय मोंगा का अनुबंध 2031 तक रहेगा।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस ट्रांसफर की कुल कीमत एक करोड़ पाउंड (लगभग 13 मिलियन अमेरिकी डॉलर) बताई जा रही है, हालांकि क्लबों ने आधिकारिक ट्रांसफर फीस का खुलासा नहीं किया है।
जेरेमी मोंगा ने केवल 15 साल की उम्र में लीसेस्टर सिटी के लिए प्रीमियर लीग में पदार्पण किया था। वह क्लब के इतिहास में सबसे कम उम्र में मैच शुरू करने वाले खिलाड़ी भी बने। उन्होंने लीसेस्टर के लिए कुल 37 मुकाबले खेले और अपने प्रदर्शन से कई बड़े क्लबों का ध्यान आकर्षित किया।
मोंगा ने अप्रैल 2025 में न्यूकैसल यूनाइटेड के खिलाफ 3-0 की हार में दूसरे हाफ में उतरकर प्रीमियर लीग में डेब्यू किया था। इसके बाद अगस्त 2025 में हडर्सफ़ील्ड के खिलाफ लीग कप मुकाबले में पहली बार शुरुआती एकादश में जगह बनाई।
इंग्लैंड अंडर-19 टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके मोंगा प्रीमियर लीग में खेलने वाले तीसरे सबसे कम उम्र के खिलाड़ी हैं। उनसे आगे केवल एथन न्वानेरी और मैक्स डाउमैन का नाम है।
मैनचेस्टर सिटी से जुड़ने के बाद मोंगा ने कहा, “जैसे ही मुझे पता चला कि मैनचेस्टर सिटी मुझे साइन करना चाहती है, मैंने तुरंत फैसला कर लिया कि यही मेरे लिए सही क्लब है। किसी भी युवा फुटबॉलर के लिए इस क्लब का हिस्सा बनना एक सपना सच होने जैसा है। पिछले दस वर्षों में यह इंग्लैंड का सबसे सफल क्लब रहा है।”
उन्होंने आगे कहा, “फिल फोडेन और निको ओ’राइली जैसे खिलाड़ियों को अकादमी से मौका मिलना दिखाता है कि यहां युवा खिलाड़ियों के लिए शानदार रास्ता मौजूद है। इस क्लब का हिस्सा बनना मेरे लिए सम्मान की बात है और मैं यहां आकर बेहद खुश हूं।”
जेरेमी मोंगा इस ट्रांसफर विंडो में मैनचेस्टर सिटी से जुड़ने वाले तीसरे इंग्लिश खिलाड़ी हैं। नए मैनेजर एंजो मारेस्का टीम में नए खिलाड़ियों को शामिल कर स्क्वाड को मजबूत करने की दिशा में लगातार काम कर रहे हैं। इससे पहले गोलकीपर पियर्स चार्ल्स और क्लब रिकॉर्ड साइनिंग एलियट एंडरसन भी टीम से जुड़ चुके हैं।