संदीप कुमार पटेल नारायणपुर के 24वें एसपी के रूप में संभाला पदभार - सरस जनवाद

संदीप कुमार पटेल नारायणपुर के 24वें एसपी के रूप में संभाला पदभार

Share

नारायणपुर, 14 जुलाई । भारतीय पुलिस सेवा के (आईपीएस) अधिकारी संदीप कुमार पटेल ने मंगलवार को नारायणपुर जिले के 24वें पुलिस अधीक्षक (एसपी) के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया। राज्य शासन के स्थानांतरण आदेश के तहत पूर्व पुलिस अधीक्षक रोबिनसन गुडिय़ा के स्थानांतरण के बाद उन्होंने नई जिम्मेदारी संभाली।

पदभार ग्रहण करने के बाद नव पदस्थ नारायणपुर एसपी संदीप कुमार पटेल ने जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया और जिले की कानून-व्यवस्था, आंतरिक सुरक्षा, नक्सल उन्मूलन अभियान, अपराध नियंत्रण तथा जनसहभागिता आधारित पुलिसिंग की विस्तृत जानकारी ली। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नारायणपुर जिले में शांति, सुरक्षा और आमजन के विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। पुलिस विभाग पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से टीम भावना के साथ काम करते हुए जनता के प्रति संवेदनशील, जवाबदेह और प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

नवपदस्थ एसपी ने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण के साथ-साथ जनसहयोग को बढ़ावा देना, लोगों का पुलिस पर विश्वास मजबूत करना और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। पदभार ग्रहण समारोह के दौरान नारायणपुर पुलिस के सभी वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर एसपी संदीप कुमार पटेल का स्वागत किया तथा नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।