उदयपुर, 14 जुलाई । उदयपुर शहर के सवीना थाना क्षेत्र में 12 जुलाई को धार्मिक शोभायात्रा के दौरान हुई चेन स्नेचिंग की छह वारदातों के बाद पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने सख्त कार्रवाई करते हुए सवीना थाने के कॉन्स्टेबल एवं आसूचना अधिकारी (इंटेलिजेंस ऑफिसर) छगनलाल को निलंबित कर दिया है। प्रारंभिक जांच में ड्यूटी के प्रति लापरवाही सामने आने पर यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, आसूचना अधिकारी होने के नाते संबंधित कॉन्स्टेबल की जिम्मेदारी थाना क्षेत्र में संभावित अपराधों और संवेदनशील आयोजनों की जानकारी एकत्र कर उच्चाधिकारियों तक पहुंचाना थी। आरोप है कि शोभायात्रा के दौरान संभावित अपराध की आशंका तथा भीड़ के संबंध में पर्याप्त और समय पर सूचना उपलब्ध नहीं कराई गई, जिससे सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हुई।
सवीना थानाधिकारी दलबीर सिंह ने बताया कि उनकी नियुक्ति के दूसरे ही दिन यह घटना हुई। यदि आयोजन और संभावित जोखिमों को लेकर पूर्व सूचना मिलती तो अतिरिक्त पुलिस व्यवस्था कर अपराध रोकने का प्रभावी प्रयास किया जा सकता था। उन्होंने कहा कि मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है और आरोपिताें को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।
पुलिस टीम आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके अलावा शोभायात्रा के दौरान समाज की ओर से ड्रोन से की गई रिकॉर्डिंग भी जांच में शामिल की गई है। पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर संदिग्धों की तलाश जारी है।
उल्लेखनीय है कि मुनि आदित्य सागर महाराज ससंघ के मंगल प्रवेश के उपलक्ष्य में निकाली गई शोभायात्रा में 800 से 1000 श्रद्धालु शामिल हुए थे। भीड़ का फायदा उठाकर बदमाशों ने सेक्टर-11 स्थित आलोक स्कूल से जैन मंदिर के बीच 55 से 65 वर्ष आयु वर्ग की छह महिलाओं के सोने के मंगलसूत्र और चेन झपट लिए थे।