अलीगढ़–दादरी खंड में उत्तर मध्य रेलवे का इंट्रा रेलवे सेफ्टी ऑडिट सफलतापूर्वक हुआ पूरा - सरस जनवाद

अलीगढ़–दादरी खंड में उत्तर मध्य रेलवे का इंट्रा रेलवे सेफ्टी ऑडिट सफलतापूर्वक हुआ पूरा

Share

प्रयागराज, 04 जुलाई । रेल परिचालन में संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय की टीम ने शनिवार को प्रयागराज मंडल के अलीगढ़–दादरी खंड का इंट्रा रेलवे सेफ्टी ऑडिट सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। यह निरीक्षण प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारी यतेंद्र कुमार के नेतृत्व में संपन्न हुआ। यह जानकारी शनिवार को उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसमपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने दी।

निरीक्षण की शुरुआत अलीगढ़ स्टेशन से हुई, जहाँ निरीक्षण स्पेशल ‘परख’ के माध्यम से अलीगढ़–दादरी खंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण कर रेलपथ, सिग्नलिंग एवं परिचालन व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। टीम ने संरक्षा से जुड़े सभी प्रमुख पहलुओं का सूक्ष्म अवलोकन किया।

अलीगढ़ स्टेशन पर स्टेशन मास्टर कार्यालय, क्रू लॉबी, रनिंग रूम, यार्ड, पॉइंट एवं क्रॉसिंग तथा सिग्नल विभाग के रिले रूम का विस्तार से निरीक्षण किया गया। सभी व्यवस्थाओं की कार्यप्रणाली को निर्धारित संरक्षा मानकों के अनुरूप पाया गया और परिचालन व्यवस्था की सराहना की गई।

इसके पश्चात अलीगढ़–मेहरावल खंड स्थित समपार फाटक संख्या 110 का निरीक्षण किया गया, जहाँ संरक्षा उपकरणों और परिचालन प्रक्रियाओं की समीक्षा की गई। आगे डावर–खुर्जा खंड पर स्थित रेल पुल संख्या 171 का भी निरीक्षण किया गया, जिसमें पुल की संरचनात्मक स्थिति एवं अनुरक्षण व्यवस्था संतोषजनक पाई गई।

खुर्जा स्टेशन एवं दादरी यार्ड में भी व्यापक निरीक्षण किया गया। इस दौरान ट्रैक, यार्ड व्यवस्था तथा कर्व संख्या 19 सहित विभिन्न तकनीकी पहलुओं की समीक्षा कर संरक्षा मानकों की पुष्टि की गई।

निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि सभी संबंधित विभाग रेल संरक्षा मानकों के अनुपालन, तकनीकी दक्षता और सतर्क परिचालन के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध हैं। साथ ही कर्मचारियों के विश्राम, प्रशिक्षण एवं नवीन तकनीकों के उपयोग पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान मुख्य पर्यावरण एवं ग्रह सज्जा प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता, उप मुख्य परिचालन प्रबंधक एन. पी. सिंह, मुख्य दूरसंचार इंजीनियर ए. के. राय, मुख्य विद्युत इंजीनियर एस. के. तिवारी, अपर मंडल रेल प्रबंधक एम. एम. वारिस तथा वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी यू. सी. शुक्ला सहित मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।

संरक्षा ऑडिट में प्राप्त निष्कर्षों की विस्तृत समीक्षा के लिए 06 जुलाई 2026 को अपराह्न 3:00 बजे मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के संकल्प सभागार में फीडबैक एवं समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी, जिससे भविष्य में संरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।