ट्रेलर ने पिकअप को पीछे से मारी टक्कर, कंटेनर में घुसी गाड़ी; किशनगढ़ के युवक की मौत

Share

भीलवाड़ा, 23 अगस्त । राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर शनिवार को तेज रफ्तार ट्रेलर की टक्कर से भीषण सड़क हादसा हो गया। लांबिया टोल के पास पीछे से आए ट्रेलर ने आगे चल रही पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही पिकअप अनियंत्रित होकर आगे चल रहे कंटेनर में जा घुसी। हादसे में पिकअप चालक की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चालक उसमें फंस गया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

लांबिया टोल के कर्मचारी और आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर रायला थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू करवाया। पिकअप चालक वाहन के क्षतिग्रस्त हिस्से में बुरी तरह फंसा हुआ था। पुलिस और स्थानीय लोगों ने करीब आधे घंटे तक मशक्कत की। इसके बाद हाइड्रा क्रेन की मदद से चालक को वाहन से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस के अनुसार पिकअप नीमच से अजमेर की ओर जा रही थी।

इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रेलर ने पिकअप को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पिकअप चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और पिकअप आगे चल रहे कंटेनर से जा भिड़ी। हादसे में पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

पुलिस ने मृतक की पहचान निजाम (30) पुत्र सादिक मुसलमान, निवासी बरना (किशनगढ़) के रूप में की है। शव को हाईवे एंबुलेंस की सहायता से रायला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवाया गया।

हादसे की सूचना मिलते ही लांबिया टोल के आसपास बड़ी संख्या में ग्रामीण और वाहन चालक एकत्र हो गए।

क्षतिग्रस्त वाहनों के कारण हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हुआ और जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को हटाया और यातायात व्यवस्था को सुचारू करवाया।

रायला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ट्रेलर चालक सहित घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।