जगदलपुर, 24 जुलाई । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने नीट पेपर लीक मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उठाए गए कदमों और सोनम वांगचुक के अनशन समाप्त करने के घटनाक्रम को लेकर कांग्रेस सहित विपक्षी दलों पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष का उद्देश्य समाधान निकालना नहीं, बल्कि छात्रों के मुद्दे पर राजनीति कर देश में भ्रम और अराजकता का माहौल बनाना था।
उन्हाेंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए त्वरित और कड़े कदम उठाने की दिशा में पहल की है। उन्हाेने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष छात्रों के भविष्य और न्याय के मुद्दे को लेकर गंभीर नहीं थी, बल्कि उनके कंधे पर बंदूक रखकर राजनीतिक लाभ लेने और देश में असंतोष फैलाने की कोशिश कर रही था। उन्होंने कहा कि जब सरकार ने समस्या के स्थायी समाधान के लिए कड़े कानून की दिशा में कदम बढ़ाए, तब विपक्ष का राजनैतिक चरित्र सामने आ गया।
किरण देव ने दावा किया कि सरकार द्वारा ऐसे मामलों की त्वरित सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन और दोषियों के खिलाफ कड़ी सजा के प्रावधान वाले कानून का मसौदा तैयार किया जा रहा है। इसमें दोषियों को 5 से 10 साल तक की सजा, कठोर जमानत शर्तें और दोषी पाए जाने पर संबंधित कोचिंग संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई जैसे प्रावधान शामिल किए जाने की बात कही गई है।
उन्हाेने कहा कि सरकार के सकारात्मक रुख के बाद केंद्रीय मंत्रियों की मौजूदगी में सोनम वांगचुक ने भी अपना अनशन समाप्त कर दिया। उनके अनुसार, यह घटनाक्रम दर्शाता है कि केंद्र की मोदी सरकार छात्रों और युवाओं के हितों को लेकर गंभीर है और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि देश के युवा यह समझ सकते हैं कि उनके भविष्य के लिए कौन काम कर रहा है, और कौन उनके नाम पर राजनीति कर रहा है। भाजपा सरकार हर होनहार छात्र के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।