सुनसरी हिंसा की लपटें मधेश के चार जिलों तक पहुंचीं, सिरहा, धनुषा, पर्सा और सप्तरी में कर्फ्यू जारी - सरस जनवाद

सुनसरी हिंसा की लपटें मधेश के चार जिलों तक पहुंचीं, सिरहा, धनुषा, पर्सा और सप्तरी में कर्फ्यू जारी

Share

काठमांडू, 31 जुलाई । नेपाल के सुनसरी जिले की देवानगंज गांवपालिका में दो समुदायों के बीच हुई हिंसा की लपटों ने मधेश प्रदेश के चार जिलों को झुलसा दिया है। मधेश प्रदेश के चार जिलों सिरहा, धनुषा, पर्सा और सप्तरी में आज कर्फ्यू में कोई ढील नहीं दी गई है।

जिला सुरक्षा समिति की सिफारिश पर सिरहा, धनुषा, पर्सा और सप्तरी के जिला प्रशासन कार्यालयों ने कर्फ्यू जारी रखने का निर्णय लिया है। सिरहा के गोलबजार से शुरू हुई हिंसक घटनाओं ने इन जिलों को चपेट में ले लिया है।

अब तक मधेश प्रदेश में इस हिंसा के दौरान तीन व्यक्तियों की मौत हो चुकी है, जबकि दर्जनों लोग घायल हुए हैं। घायलों में नेपाल पुलिस के दो डीएसपी समेत 22 पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। नेपाल पुलिस, सशस्त्र पुलिस बल (एपीएफ) और नेपाली सेना को तैनात किया गया है।

प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर विश्वास न करने, सोशल मीडिया पर भ्रामक सामग्री साझा न करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत सुरक्षा एजेंसियों को देने की भी अपील की है।