सीहोरः महुआखेड़ी तकीपुर विद्यालय का राष्ट्रीय स्तर पर स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग में चयन - सरस जनवाद

सीहोरः महुआखेड़ी तकीपुर विद्यालय का राष्ट्रीय स्तर पर स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग में चयन

Share

सीहोर, 01 जुलाई । भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा संचालित स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग (SHVR) 2025-26 के अंतर्गत राष्ट्रीय स्तर पर चयनित विद्यालयों की सूची में मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के शासकीय माध्यमिक विद्यालय, महुआखेड़ी तकीपुर का चयन होने से जिले को महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त हुई है।

कलेक्टर बालागुरू के. ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि यह उपलब्धि विद्यालय द्वारा स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल, जल संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन, ऊर्जा दक्षता, हरित परिसर के विकास तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति किए गए उत्कृष्ट कार्यों का परिणाम है। विद्यालय ने इन क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है, जो जिले एवं प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।

कलेक्टर ने इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, शिक्षकों और विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान जिले में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल विद्यालय विकसित करने के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि जिले के अन्य विद्यालयों के लिए भी प्रेरणा बनेगी तथा सभी विद्यालय स्वच्छता एवं हरित वातावरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रोत्साहित होंगे।

सीहोर जिला पंचायत सीईओ सर्जना यादव ने कहा कि विद्यालयों में स्वच्छ एवं हरित वातावरण का निर्माण विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। राष्ट्रीय स्तर पर जिले के विद्यालय का चयन होना इस दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सफलता का प्रमाण है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की अपेक्षा व्यक्त की।

जिला परियोजना समन्वयक (डीपीसी) रमेशराम उईके ने बताया कि राज्य शिक्षा केंद्र के निर्देशानुसार चयनित विद्यालय को आगे भी आवश्यक तकनीकी एवं संस्थागत सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही विद्यालय की श्रेष्ठ कार्यप्रणाली, नवाचारों एवं सफलताओं का दस्तावेजीकरण कर अन्य विद्यालयों तक पहुंचाया जाएगा, जिससे जिले के अधिकाधिक विद्यालय स्वच्छ एवं हरित विद्यालय की अवधारणा को प्रभावी रूप से अपनाकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान स्थापित कर सकें।

उन्होंने बताया कि राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा जारी पत्र के अनुसार चयनित विद्यालयों को प्रशस्ति प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा। साथ ही विद्यालयों की स्वच्छ एवं हरित गतिविधियों को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए प्रोत्साहन राशि तथा शैक्षणिक अध्ययन भ्रमण (एक्सपोज़र विजिट) जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे इन विद्यालयों को अन्य विद्यालयों के लिए “लाइट हाउस विद्यालय” के रूप में विकसित किया जा सके।