ट्रेलर चालकों ने दो घंटे तक खूंटी - सिमडेगा रोड को किया जाम - सरस जनवाद

ट्रेलर चालकों ने दो घंटे तक खूंटी – सिमडेगा रोड को किया जाम

Share

खूंटी , 12 जुलाई । रांची–खूंटी–कोलेबिरा मुख्य मार्ग पर रनिया थाना के मरचा के समीप रविवार को ट्रेलर और भारी वाहन चालकों ने एक चालक से पर्स छीनने और रोड सेफ्टी के नाम पर अवैध वसूली के आरोप को लेकर करीब दो घंटे तक रोड जाम कर दिया। जाम के कारण मार्ग के दोनों ओर भारी वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा।

जानकारी के अनुसार, ट्रेलर चालक गौतम कुमार गिरी बेंगलुरु की ओर जा रहा था। उसका आरोप है कि मरचा के पास कुछ लोग रोड सेफ्टी के नाम पर वाहनों में स्टीकर लगा रहे थे। जब उसने स्टीकर लगवाने से इनकार किया, तो इसी दौरान उसका पर्स छीन लिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही अन्य ट्रेलर और भारी वाहन चालक भी आक्रोशित हो गए और विरोधस्वरूप मुख्य मार्ग को जाम कर दिया।

करीब दो घंटे तक चले इस जाम के कारण रांची और सिमडेगा की ओर जाने वाले वाहनों का परिचालन पूरी तरह बाधित रहा। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी श्यामल कुंभकार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने वाहन चालकों से वार्ता कर उन्हें शांत कराया और मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद चालकों ने जाम समाप्त कर दिया, जिससे यातायात सामान्य हो सका।

इस दौरान स्थानीय वाहन चालकों ने भी आरोप लगाया कि मरचा के पास आए दिन रोड सेफ्टी नियमों के नाम पर वाहनों में स्टीकर लगाने की प्रक्रिया चलती है। उनका कहना है कि इस दौरान कुछ कर्मचारियों की ओर से चालकों से पैसे भी लिए जाते हैं, जिसको लेकर पहले भी कई बार आपत्ति जताई जा चुकी है।

हालांकि, इस पूरे मामले में संबंधित विभाग की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।

इस संबंध में पूछे जाने पर तोरपा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विजय कुमार सिंह ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। अवैध वसूली का आरोप सही पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।