जांजगीर-चांपा, 30 जुलाई । जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आज गुरुवार काे कोतवाली थाना और साइबर पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए नशीली दवा खपाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो आरोपिताें को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1140 नग अवैध नशीली टेबलेट, मोबाइल फोन, स्कूटी और मोटरसाइकिल सहित कुल 1 लाख 63 हजार रुपये का सामान जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों और नशीली दवाओं की बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप और नगर पुलिस अधीक्षक योगिता बाली खापर्डे के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली एवं साइबर पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चर्च मैदान के पास एक व्यक्ति स्कूटी में अवैध नशीली टेबलेट रखकर ग्राहकों को बेचने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अमित चतुर्वेदी (35 वर्ष), निवासी बीटीआई चौक, जांजगीर बताया।
तलाशी लेने पर आरोपित के पास से एल्प्राजाेलम टेबलेट आईपी 0.5 मिग्रा (Alprade-0.5) की 650 नग टेबलेट बरामद हुई। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से नशीली दवा के साथ घटना में प्रयुक्त मोबाइल और स्कूटी क्रमांक सीजी-11-एएच-5800 भी जब्त की।
पूछताछ में आरोपी अमित चतुर्वेदी ने नशीली टेबलेट धाराशिव निवासी रूपेश गिरी गोस्वामी से प्राप्त करना बताया। इसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ग्राम धाराशिव में दबिश देकर रूपेश गिरी गोस्वामी (30 वर्ष) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 490 नग नशीली टेबलेट, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी-11-एआर-9727 जब्त की गई।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 1140 नग अवैध नशीली टेबलेट, दो मोबाइल, एक स्कूटी और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 1 लाख 63 हजार रुपये बताई गई है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना जांजगीर में धारा 21(सी) और 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब मामले में जुड़े अन्य आरोपियों और नशीली दवाओं के सप्लायरों की जानकारी जुटाकर आगे की कार्रवाई कर रही है।
इस कार्रवाई में थाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश गुप्ता, साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा सहित कोतवाली और साइबर पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध नशीली दवाओं के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।