ओडिसा से रायपुर नशीली गोलियों की सप्लाई करने वाला बस चालक गिरफ्तार - सरस जनवाद

ओडिसा से रायपुर नशीली गोलियों की सप्लाई करने वाला बस चालक गिरफ्तार

Share

रायपुर, 25 जुलाई (हि. स.) । रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क का खुलासा किया है।

एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और थाना खम्हारडीह पुलिस की संयुक्त टीम ने बैकवर्ड लिंक की जांच के आधार पर उड़ीसा के संबलपुर निवासी बस चालक संजय नाग को गिरफ्तार किया है। आरोपित पर ओडिसा से रायपुर तक प्रतिबंधित नशीली टैबलेट की सप्लाई करने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई 2026 को खम्हारडीह थाना क्षेत्र के चंडी नगर स्थित गदवयाही मंदिर के सामने कार्रवाई करते हुए सुनील बघेल और सचिन महानंद को गिरफ्तार किया गया था। उनके कब्जे से 459 नग नाइट्रोसन-10 टैबलेट और बिक्री की 200 रुपये नगद जब्त की गई थी। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 1.83 लाख आंकी गई। इस मामले में थाना खम्हारडीह में अपराध क्रमांक 247/2026 के तहत नारकोटिक एक्ट की धारा 21(बी) और 22 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।

पूछताछ में दोनों आरोपितों ने खुलासा किया कि, प्रतिबंधित नशीली टैबलेट उन्हें संबलपुर निवासी बस चालक संजय नाग कमीशन लेकर उपलब्ध कराता था। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपित की तलाश कर उसे संबलपुर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में संजय नाग ने नशीली टैबलेट की सप्लाई करने की बात स्वीकार की।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इस मामले में अब तक तीन आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है। साथ ही अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य सप्लायर और रिसीवर की पहचान कर उनके खिलाफ एंड-टू-एंड कार्रवाई की जा रही है।

रायपुर पुलिस ने बस संचालकों और ट्रांसपोर्टरों से अपील की है कि, किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, पार्सल या अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सुरक्षा निर्देशों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।