जिले की फुलकाहा थाना पुलिस ने एसएसबी के साथ मिलकर गुरुवार की देर शाम मिल्की डुमरिया वार्ड संख्या 3 स्थित बैजनाथ बहरदार के घर में छापेमारी कर 2.42 किलो गांजा सहित 10 लाख 88 हजार 700 रूपये नगद बरामद किया।
मामले में पुलिस ने घर में मौजूद बैजनाथ बहरदार की दो पत्नियां अमला देवी और सीमा देवी को हिरासत में लिया है,जिनसे पूछताछ की जा रही है।जबकि मुख्य आरोपित बैजनाथ बहरदार और उसका पुत्र पंकज बहरदार कार्रवाई के दौरान चकमा देकर मौके से फरार हो गया। मजिस्ट्रेट के रूप में मौजूद नरपतगंज के राजस्व अधिकारी रामउदगार चौपाल मौजूद रहे।
अभियान का नेतृत्व फुलकाहा थानाध्यक्ष विकास कुमार मौर्य ने किया।उनके साथ अपर थानाध्यक्ष गुलशन कुमार,एसआई रंजना कुमारी,रमेश कुमार सिंह,एएसआई प्रदीप भारती,महिला पुलिस बल के साथ एसएसबी के बीओपी प्रभारी सहायक सेनानायक राणा कुमार,उपनिरीक्षक रतन कुमार ब्रह्मा सहित अन्य जवान शामिल थे।मामले को लेकर फुलकाहा थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
बैजनाथ बहरदार और उसके पुत्र पर नशीले पदार्थ के कारोबार करने और उससे बड़ी संपत्ति अर्जित करने का आरोप है।