नई दिल्ली, 10 जुलाई । दिल्ली में महिलायें 1 अगस्त से केवल ‘पिंक सहेली’ स्मार्ट कार्ड के माध्यम से ही मुफ्त बस यात्रा कर पायेंगी।
दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की ओर से जारी एक सर्कुलर के अनुसार 1 अगस्त से कागज वाली ‘पिंक टिकट’ केवल पिक सहेली कार्ड धारक महिला को ही मिलेगी।
डीटीसी ने अपने अधिकारियों की इसकी जानकारी देते हुए कहा है कि 31 जुलाई तक ही पुरानी व्यवस्था के तहत बिना कार्ड के मुफ्त यात्रा के लिए पिंक टिकट जारी किए जाएंगे लेकिन 1 अगस्त से मुफ्त टिकट केवल उन्हीं महिलाओं को मिलेगा, जिनके पास वैध ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ होगा।
इसके मुताबिक बस में चढ़ते या यात्रा करते समय इस कार्ड को टैप करना अनिवार्य होगा। जिन महिलाओं के पास 1 अगस्त से स्मार्ट कार्ड नहीं होगा, उन्हें मुफ्त टिकट नहीं दिया जाएगा। उन्हें सामान्य यात्रियों की तरह तय किराया देकर टिकट खरीदना होगा।
सभी एनफोर्समेंट स्टाफ (कानून प्रवर्तन कर्मचारी) और बस परिचालनकों को निर्देश दिया गया है कि वे महिलाओं को 31 जुलाई से पहले अपने नजदीकी तय पिंक कार्ड या पास वितरण केंद्र से स्मार्ट कार्ड प्राप्त करने के लिए जागरूक करें।
सभी डिपो मैनेजरों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि कंडक्टर किसी भी वैध कार्ड धारक महिला को मुफ्त यात्रा से मना न करें और जिन महिलाओं के पास कार्ड नहीं है, उन्हें विनम्रतापूर्वक कार्ड बनवाने की सलाह दें। तब तक महिलाओं से सामान्य टिकटों के जरिए तय किराया लिया जाए। यह सक्षम अधिकारी की मंज़ूरी से जारी किया गया है।
परिवहन विभाग और डीटीसी की ओर से निर्धारित किए गए विभिन्न सेंटरों और काउंटरों से योग्य महिला यात्री इस ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ को प्राप्त कर सकती हैं।