जयपुर, 11 जुलाई । राजस्थान पुलिस की स्टेट साइबर क्राइम शाखा ने फॉरेक्स ट्रेडिंग और ऑनलाइन निवेश के नाम पर देशभर में ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गिरोह को बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले मुख्य आरोपित रक्षक राहुल गजभिये को महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपित पर टेलीग्राम ग्रुप ‘सीएमसी ग्लोबल सीएस’ के जरिए जयपुर के एक डॉक्टर से 3 करोड़ 81 लाख रुपये की साइबर ठगी में भूमिका निभाने का आरोप है।
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (साइबर क्राइम) विजय कुमार सिंह ने बताया कि कार्रवाई उप महानिरीक्षक शांतनु कुमार सिंह के निर्देशन तथा साइबर क्राइम पुलिस अधीक्षक सुमित मेहरडा के सुपरविजन में स्टेट साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन की विशेष टीम ने की।
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस ने बताया कि मालवीय नगर निवासी डॉ. प्रेम रतन (45) ने 5 अक्टूबर 2025 को स्टेट साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि निवेश के विकल्प तलाशते समय गूगल पर सीएमसी ग्लोबल सीएस नामक विदेशी फॉरेक्स ट्रेडिंग वेबसाइट सर्च की। इसके बाद खुद को कस्टमर केयर बताने वाले लोगों ने उनसे संपर्क किया और टेलीग्राम ग्रुप से जोड़ दिया।
आरोपिताें ने रजिस्ट्रेशन के नाम पर आधार और पैन कार्ड की जानकारी लेकर एक फर्जी वर्चुअल ट्रेडिंग पोर्टल पर उनका खाता बनाया तथा यूजर आईडी और पासवर्ड उपलब्ध करा दिया।
साइबर ठगों ने शुरुआत में कम राशि का निवेश कराकर उस पर रिटर्न देकर विश्वास जीता। बाद में अधिक मुनाफे का लालच देकर डॉक्टर से लगातार निवेश कराया। फर्जी पोर्टल पर निवेश की राशि बढ़ती हुई दिखाई जाती रही, जबकि यह केवल सॉफ्टवेयर से तैयार किए गए फर्जी आंकड़े थे। जब निवेश की कुल राशि 3 करोड़ 81 लाख रुपये तक पहुंच गई और डॉक्टर ने राशि निकालने का प्रयास किया, तो आरोपिताें ने उन्हें टेलीग्राम ग्रुप से हटा दिया, चैट डिलीट कर दी और संपर्क पूरी तरह समाप्त कर दिया।
मामले की जांच के दौरान साइबर पुलिस की विशेष टीम ने संदिग्ध बैंक खातों, टेलीग्राम ग्रुप, आईपी एड्रेस और मोबाइल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण किया। जांच के आधार पर टीम नागपुर पहुंची और गिरोह को फर्जी बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले आरोपी रक्षक राहुल गजभिये को गिरफ्तार किया गया। पुलिस आरोपी को ट्रांजिट वारंट पर जयपुर लेकर आई है। उससे पूछताछ कर गिरोह के सरगनाओं और देशभर में फैले नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।