देवास, 26 जुलाई । मध्य प्रदेश के देवास जिले के कन्नौद नगर के मध्य गणेश चौक में स्थित दुबे भोजनालय में शनिवार की आधी रात के समय आग लगने के कारण दो मंजिला भोजनालय में उपयोग में आने वाला सामान एवं गृहस्थी का सभी सामान सहित लगभग 5 लाख से अधिक रुपयों का सामान जलकर ख़ाक हो गया।
हादसे में घर के समीप स्थित बिजली के पोल में हुए शाट सर्किट के कारण होने की आशंका जताई जा रही है। इस भोजनालय से जुड़े मकान वाले हिस्से में भोजनालय संचालक मनीष दुबे एवं उनका पूरा परिवार निवास करता है, जिन्हें घर में धुएं का आभास होने पर वह सही समय पर परिवार सहित मकान से बाहर निकल गए अन्यथा बड़ी घटना घटित हो सकती थी।
आग की घटना के समय रात्रि ग्रस्त कर रही पुलिस एवं टी आई तहजीब काजी भी तुरंत मौके पर पहुंच गये थे। जिसके बाद सूचना मिलने पर फायर बिग्रेड तुरंत मौका स्थल पर पहुंच गई। तत्पश्चात पुलिस तथा नागरिकों के सहयोग से फायर ब्रिगेड के माध्यम से भीषण आग पर काबू पाया जा सका। यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो उक्त मकान से सटे अन्य मकान भी आग की चपेट में आ जाते जिससे भीषण अग्निकांड की घटना घटित हो सकती थी। गनीमत रही कि पुलिस एवं नागरिकों की तत्परता से किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
अग्निकांड के दौरान दो गैस सिलेंडर फटने के धमाके से उक्त क्षेत्र में अफरा – तफरी का माहौल बन गया था, धमाके की आवाज से जागे अन्य लोग भी घटनास्थल पर पहुंच गए थे। घटना में भोजनालय एवं घर में भोजनालय के उपयोग में आने वाला सभी प्रकार का सामान एवं घर में लगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, गृहस्ती का घरेलू सामान, अनाज, किराने का सामान सहित लगभग 5 लाख रुपयों से अधिक का नुकसान हुआ है।
अग्निकांड के बाद रविवार की सुबह मौका स्थल पर विधायक पंडित आशीष शर्मा तथा नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि संतोष जाट भी पहुंचे उन्होंने अग्निकांड से प्रभावित भोजनालय एवं मकान का मौका मुआयना किया।
—