महिला से प्रेम संबंध को लेकर दो लोगों में खूनी संघर्ष, एक की मौत - सरस जनवाद

महिला से प्रेम संबंध को लेकर दो लोगों में खूनी संघर्ष, एक की मौत

Share

नोएडा, 24 जुलाई । उत्तर प्रदेश के नोयडा में थाना कासना क्षेत्र के सिरसा गोल चक्कर के पास एक कंपनी में काम करने वाले दो व्यक्तियों के बीच एक महिला से प्रेम संबंध को लेकर खूनी संघर्ष हो गया। इस घटना में एक युवक की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि दुसरे की हालत नाजुक बनी हुई है। मृतक के परिजनों की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

थाना कासना के प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार शर्मा ने बताया कि 24 जुलाई की देर रात को पुलिस को सूचना मिली कि सिरसा गोल चक्कर के पास सर्विस रोड पर दो व्यक्तियों में विवाद हो गया है। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने जानकारी की तो पता चला कि दोनों व्यक्तियों ने एक दूसरे के ऊपर धारदार हथियार से हमला किया था। जिन्हें उपचार के लिए आसपास के लोगों द्वारा अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उन्होंने बताया कि उपचार के दौरान डॉक्टरों ने सुरेश उम्र 32 वर्ष मूल निवासी जनपद बरेली को मृत घोषित कर दिया, जबकि नरेश उम्र 40 वर्ष उपचाराधीन है। उन्होंने बताया कि आज सुबह मृतक के परिजनों ने थाने में पहुंचकर घटना की शिकायत की है। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

थाना प्रभारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि नरेश का सिरसा गांव में रहने वाली एक महिला (27 वर्ष) के साथ करीब 6 वर्षों से प्रेम संबंध था। दोनों एक दूसरे से मिलते जुलते थे और बातचीत करते थे। कुछ दिन से महिला ने नरेश से बात करना बंद कर दिया था, तथा उसकी बातचीत सुरेश से होने लगी थी। नरेश और सुरेश एक ही कंपनी में काम करते थे। महिला से बातचीत को लेकर दोनों में बीती रात को सिरसा गोल चक्कर के पास विवाद हुआ। इसके बाद दोनों ने एक साथ बीयर पी। बियर पीने के बाद फिर से दोनों में विवाद हुआ तथा दोनों ने एक दूसरे के ऊपर धारदार हथियार से हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि महिला की भूमिका की भी जांच की जा रही है।