नूंह, 01 जुलाई । भारतीय मजदूर संघ हरियाणा के बैनर तले बुधवार को नूंह जिला सचिवालय पर प्रदेश के विभिन्न कर्मचारी संगठनों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने हरियाणा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अतिरिक्त उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
भारतीय मजदूर संघ हरियाणा के जिला मंत्री अनिल भारद्वाज ने बताया कि 26 अप्रैल 2026 को गुरुग्राम में आयोजित श्रमिक सम्मान समारोह के दौरान भारतीय मजदूर संघ की ओर से मुख्यमंत्री को कर्मचारियों की विभिन्न मांगों का ज्ञापन सौंपा गया था। उस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक मंच से घोषणा की थी कि 15 जून 2026 तक सेवा सुरक्षा के पात्र सभी योग्य कर्मचारियों को ऑफर लेटर जारी कर दिए जाएंगे। साथ ही अन्य मांगों के समाधान के लिए मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय बैठक आयोजित करने का भी आश्वासन दिया गया था।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणा के बावजूद अब तक न तो कोई उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई और न ही कर्मचारी संगठनों को वार्ता के लिए बुलाया गया। इसके अलावा 15 जून तक ऑफर लेटर जारी करने का वादा भी पूरा नहीं किया गया। इससे प्रदेशभर के कच्चे कर्मचारियों में भारी निराशा और रोष है। अनिल भारद्वाज ने आरोप लगाया कि हरियाणा सरकार कर्मचारियों से किए गए अपने वादों को पूरा करने में पूरी तरह विफल रही है। इसी क्रम में नूंह जिला सचिवालय में प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।