जबलपुर, 18 जुलाई । मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेशभर में 15 से 30 जुलाई तक चलाए जा रहे‘नशे से दूरी है जरूरी’नशा मुक्ति जनजागरण अभियान के तहत शनिवार को जबलपुर में जागरूकता दौड़ और जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) सूर्यकांत शर्मा के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
वंदेमातरम् चौक पर आयोजित कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा ने उपस्थित छात्र-छात्राओं और नागरिकों को नशे की लत से होने वाले मानसिक, शारीरिक और आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि कई अपराधों की जड़ भी बनता है। पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाकर लोगों को जागरूक करने और युवाओं को नशे की गिरफ्त में आने से बचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान लोगों को नशा मुक्ति संबंधी पंपलेट वितरित किए गए और जबलपुर को नशामुक्त बनाने की शपथ दिलाई गई। उपस्थित लोगों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी नशामुक्त बनाने के लिए प्रेरित करेंगे।
इसके बाद ‘नशे से दूरी, है जरूरी’ के बैनर और पोस्टरों के साथ जनजागरूकता दौड़ निकाली गई। दौड़ वंदेमातरम् चौक से शुरू होकर रज्जू मिस्त्री तिराहा,तीन पत्ती,बस स्टैंड तिराहा,ब्लूम चौक,मानकुंवर बाई कॉलेज मार्ग और मदनमहल थाना क्षेत्र से होते हुए शिवाजी चौक पर संपन्न हुई।
कार्यक्रम में उत्तर विधानसभा के विधायक अभिलाष पांडेय,चिकित्सक डॉ.जितेंद्र जामदार,नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज,जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन,राममूर्ति मिश्रा,दीपक सचेती,थाना ओमती के उपनिरीक्षक श्रीराम सनोडिया,पुलिसकर्मी,शिक्षक,छात्र-छात्राएं, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।