अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सुपौल में भव्य योग कार्यक्रम का हुआ आयोजन

Share

सुपौल, 21 जून । अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को महात्मा गांधी चिल्ड्रेन पार्क, सुपौल में पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों तथा आम नागरिकों ने भाग लेकर सामूहिक योगाभ्यास किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी सावन कुमार ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक रूप से स्वस्थ और मानसिक रूप से सशक्त बनाता है।

उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है तथा तनावमुक्त और संतुलित जीवन जीने में सहायता मिलती है। जिलाधिकारी ने सभी लोगों से योग को दैनिक दिनचर्या में शामिल करने की अपील की।

इस दौरान प्रशिक्षकों के निर्देशन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया। योगाभ्यास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, हरित जीवनशैली को बढ़ावा देने और जलवायु परिवर्तन के प्रति जनजागरूकता फैलाने का भी संदेश दिया गया।

वक्ताओं ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का उद्देश्य लोगों को योग के महत्व से अवगत कराना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। योग न केवल शरीर को निरोग रखता है, बल्कि मानसिक एकाग्रता और आत्मिक शांति प्रदान करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित रूप से योग करने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संकल्प लिया। आयोजन के सफल संचालन में विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सक्रिय भूमिका रही।