कटिहार, 21 जून । पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के कटिहार मंडल में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रेल अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक योगाभ्यास कर तनावमुक्त और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। कोशी अधिकारी क्लब एवं फणीश्वर नाथ रेणु प्रेक्षागृह में आयोजित इस मुख्य कार्यक्रम का नेतृत्व मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) किरेंद्र नरह और रेलवे महिला समिति की अध्यक्षा निवेदिता नरह ने किया। इस वर्ष योग का आधिकारिक विषय ‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ रहा, जिसके तहत योग विशेषज्ञों ने शारीरिक और मानसिक शांति के गुर सिखाए।
प्रधानमंत्री के संबोधन का हुआ सीधा प्रसारण
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ डीआरएम किरेंद्र नरह और महिला समिति अध्यक्षा निवेदिता नरह द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। योगाभ्यास से पूर्व, सभी अधिकारीगण कोलकाता में आयोजित प्रधानमंत्री के योग कार्यक्रम के लाइव प्रसारण से जुड़े और उनके संबोधन को सुना। राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्‘ से कार्यक्रम की शुरुआत हुई। मौके पर योग गुरु अभिषेक कुमार और उनकी टीम का शॉल ओढ़ाकर तथा पौधा भेंट कर स्वागत किया गया। इसके बाद योग गुरु के निर्देशन में अधिकारियों व उनके परिजनों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। आयोजन में प्रतिभागियों के बीच टी-शर्ट का भी वितरण किया गया।
योग स्वस्थ शरीर व सकारात्मक जीवन का आधार: डीआरएम
इस अवसर पर डीआरएम किरेंद्र नरह ने कहा कि “योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक जीवन का आधार है। प्रत्येक रेलकर्मी को इसे अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए।”
वहीं, रेल महिला समिति अध्यक्षा निवेदिता नरह ने कहा, “योग स्वस्थ, संतुलित और खुशहाल जीवन की कुंजी है। नियमित योग से परिवार और समाज दोनों स्वस्थ एवं सशक्त बनते हैं।”
सीनियर डीसीएम सह पीआरओ अनूप कुमार सिंह ने भी सभी रेलकर्मियों से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की अपील की। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान ‘जन गण मन‘ के सामूहिक गायन के साथ हुआ।
इनकी रही प्रमुख उपस्थिति
आयोजन में महिला समिति की उपाध्यक्ष पूजा सिंह, सचिव मंजरी पाल, एडीआरएम मनोज कुमार सिंह, सीनियर डीपीओ अंजनी कुमार श्रीवास्तव, आरपीएफ कमांडेंट संदीप कुमार पीएस, सीनियर डीईएन प्रभात कुमार सिंह सहित सभी प्रमुख रेल अधिकारी, महिला समिति की पदाधिकारी, यूनियन प्रतिनिधि और स्कॉट एंड गाइड के सदस्य मौजूद थे। इसके अलावा रेलवे मैदान में भी पतंजलि द्वारा सैकड़ों लोगों को योगाभ्यास कराया गया।