पानीपत: ग्राहक बनकर आए चोर ने ज्वैलर्स की दुकान से उड़ाए गहने - सरस जनवाद

पानीपत: ग्राहक बनकर आए चोर ने ज्वैलर्स की दुकान से उड़ाए गहने

Share

पानीपत, 29 जून । पानीपत काबड़ी कच्ची फाटक स्थित एक ज्वेलरी की दुकान में ग्राहक बनकर आए एक चोर ने सुनार को अपनी बातों में उलझाकर काउंटर पर रखे चांदी के गहनों पर धीरे-धीरे हाथ साफ कर दिया। शातिर चोर दुकान से करीब 200 ग्राम चांदी के जेवरात चोरी कर रफूचक्कर हो गया। यह पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पीड़ित दुकानदार की शिकायत पर पुराना औद्योगिक थाना पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थाना पुराना औद्योगिक पुलिस को दी गई लिखित शिकायत में दुकानदार अजय कुमार ने बताया कि वह पिछले करीब 30 साल से पानीपत के काबड़ी कच्ची फाटक पर गौरव ज्वेलर्स के नाम से सोने-चांदी के आभूषणों की दुकान चला रहे हैं। 28 जून दोपहर के बाद उनकी दुकान पर एक व्यक्ति ग्राहक बनकर आया। उसने अजय कुमार से चांदी के गहने दिखाने के लिए कहा।

ग्राहक की मांग पर अजय कुमार उसे बारी-बारी से चांदी की पायजेब, चुटकी और अंगूठियां दिखाने लगे। इसी दौरान दुकानदार की नजरें बचाकर वह शातिर व्यक्ति धीरे-धीरे करके काउंटर पर रखे चांदी के सामान को अपनी जेब और हाथों में छुपाकर चोरी करता रहा। चोर के जाने के बाद जब ज्वेलर्स अजय कुमार ने काउंटर पर रखे अपने चांदी के स्टॉक का मिलान किया और उसे तोला, तो उनके होश उड़ गए। दुकान के स्टॉक में से करीब 200 ग्राम चांदी के जेवरात कम पाए गए। इसके तुरंत बाद उन्होंने अपनी दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला।

ज्वेलर अजय कुमार ने सोमवार को पुराना औद्योगिक थाना पहुंचकर पुलिस को सीसीटीवी फुटेज सहित मामले की लिखित शिकायत दी है। पुलिस ने अजय की शिकायत पर अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से अज्ञात चोर की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है।