खूंटी, 18 अगस्त । खूंटी जिले के मारंगहादा थाना क्षेत्र के बरबंदा गांव में मंगलवार को 28 वर्षीय सहदेव मुंडा ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है।
परिजनों के अनुसार, परिवार के सभी सदस्य मंगलवार को खेत में काम करने गए थे। शाम को जब वे घर लौटे तो सहदेव घर पर नहीं था। आसपास तलाश करने पर घर के पास कटहल के पेड़ से उसका शव लटका मिला। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
परिजनों ने बताया कि सहदेव पिछले करीब दो वर्षों से पेट दर्द की समस्या से परेशान था। उसका कई जगह इलाज कराया गया, लेकिन स्वास्थ्य में सुधार नहीं हो रहा था। परिजनों ने आशंका जताई कि लंबे समय से बीमारी से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया।
सहदेव की मौत से पत्नी और दो छोटे बच्चों समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है।
———-