भागलपुर, 19 जून । आगामी राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में शुक्रवार को समीक्षा भवन में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था संधारण, अभ्यर्थियों के सुगम प्रवेश तथा परीक्षा केंद्रों पर उपलब्ध कराई जाने वाली आधारभूत सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि 22 जून को आयोजित होने वाली नीट परीक्षा जिले के कुल 15 परीक्षा केंद्रों पर एकल पाली में अपराह्न 2:00 बजे से 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के शामिल होने को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारी की गई है। डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
परीक्षा की गोपनीयता, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखने के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर स्टैटिक दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। साथ ही विभिन्न परीक्षा केंद्रों की निगरानी हेतु जोनल दंडाधिकारियों एवं जोनल पुलिस पदाधिकारियों को भी दायित्व सौंपा गया है।
बैठक में निर्देश दिया गया कि परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच की जाए तथा किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री के प्रवेश पर पूर्ण रोक सुनिश्चित की जाए। परीक्षा प्रारंभ होने से पूर्व केंद्रों का भौतिक सत्यापन, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
डीएम ने कहा कि परीक्षा अवधि के दौरान सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहेंगे तथा किसी भी प्रकार की सूचना प्राप्त होने पर त्वरित कार्रवाई करेंगे।
उन्होंने सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों पर भ्रामक अथवा अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया।
वहीं वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़भाड़ रोकने, यातायात व्यवस्था सुचारू रखने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि परीक्षा केंद्रों पर निर्धारित समय से पूर्व अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ कर दी जाएगी ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो। परीक्षा समाप्ति के बाद प्रश्नपत्र एवं अन्य गोपनीय सामग्रियों के सुरक्षित संधारण तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार प्रेषण की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
डीएम ने सभी अधिकारियों को समन्वय एवं सतर्कता के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य परीक्षा को पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराना है।
बैठक में एसएसपी प्रमोद कुमार यादव, उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, अपर समाहर्ता (राजस्व) दिनेश राम, अपर समाहर्ता (विधि-व्यवस्था) राकेश रंजन, अनुमंडल पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, शिक्षा विभाग के अधिकारी तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।