केशव प्रसाद मौर्य ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ते हुए सबसे अधिक समय तक लगातार प्रधानमंत्री के रूप में देश की सेवा करने का ऐतिहासिक कीर्तिमान भी स्थापित किया है, जिस पर हर एक देशवासी अभिभूत है। आपका कुशल व चमत्कारिक नेतृत्व आज देश की प्रगति, आत्मविश्वास और वैश्विक सम्मान का पर्याय बन चुका है।
भारत ने दुनिया के मंच पर एक खास नई पहचान बनाई
आगे लिखा दुनिया के अनेक देशों ने अपने ‘सर्वोच्च सम्मान’ से आपको विभूषित किया है। नरेन्द्र मोदी आज 75 साल की आयु में भी 50 साल के व्यक्ति से अधिक ऊर्जा, फुर्ती और कार्यक्षमता वाले हैं। सही मायनों में आपका समूचा जीवन ही करोड़ों देशवासियों के लिए एक प्रेरणा है, जो ‘संघर्ष की आग में तपकर खरा सोना’ बना है। तभी आपके कुशल नेतृत्व में भारत ने दुनिया के मंच पर एक खास नई पहचान बनाई है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, जनधन योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, हर घर जल, डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत और करोड़ों वंचितों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाली आपकी अनेक पहलों से शुरू हुई ऐतिहासिक योजनाओं ने ‘नए भारत’ की मजबूत नींव रखी है। अंतरिक्ष में तिरंगा फहराने से लेकर सागर मंथन के जरिए अंडमान-निकोबार में गैस भंडारों की खोज तथा रक्षा अनुसंधान जैसे क्षेत्रों में देश आज एक नए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है।
भारत महाशक्ति बनने की ओर अग्रसर
केशव प्रसाद मौर्य ने लिखा कि भारत आज एक ऐसी महाशक्ति बनने की ओर अग्रसर है, जो आक्रामक नहीं बल्कि शांति का पक्षधर है, जो युद्ध के बजाय परस्पर निर्भरता के सिद्धांत में भरोसा करता है। आप कहते ही हैं कि भारत ने दुनिया को ‘युद्ध नहीं, बुद्ध’ दिया है। यही भारत की तासीर है। ‘तेरा वैभव अमर रहे मां, हम दिन चार रहें न रहें’ की भावना को आत्मसात करते हुए आप निरंतर राष्ट्रसेवा में समर्पित हैं। ‘विकसित भारत-2047’ का आपका संकल्प निश्चित रूप से सिद्ध होकर रहेगा। हम सभी आपके नेतृत्व में आत्मनिर्भर, समृद्ध, शक्तिशाली और विश्वगुरु भारत के निर्माण के लिए संकल्पित हैं।
यह हर एक राष्ट्रवादी के लिए गर्व का क्षण है कि आपने बिना किसी ‘राजनीतिक विरासत, वंशवाद या विशेषाधिकार’ के राष्ट्रीय नेतृत्व तक पहुंचने की आपकी यात्रा करोड़ों युवाओं, गरीबों, वंचितों, पिछड़ों और श्रमजीवी परिवारों के सपनों को ‘नया विश्वास’ देती है। आपके नेतृत्व ने भारतीय राजनीति में दशकों से चली आ रही ‘वंशवादी सोच’ और ‘सत्ता के एकाधिकार को चुनौती देने’ के साथ लोकतंत्र को ‘नई ऊर्जा’ प्रदान की है। सेवा, सुशासन, अंत्योदय और राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ आपने करोड़ों गरीब परिवारों तक विकास का लाभ पहुंचाकर जनविश्वास को और सशक्त बनाया है। आपने यह विश्वास मजबूत किया है कि लोकतंत्र में जनसेवा ही सबसे बड़ी पहचान होती है।