न्याय छाया से ट्रैफिक सिग्नल पर आमजन तक पहुंच रही विधिक जागरूकता

Share

जयपुर, 18 जून । राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं और विधिक जागरूकता अभियानों को आमजन तक पहुंचाने के लिए न्याय छाया नाम से अभिनव पहल की गई है।

इसके तहत टोंक रोड पर गांधी नगर मोड तिराहे पर विशेष शेड लगाकर नागरिकों को धूप से राहत देने के साथ-साथ उनके विधिक अधिकारों एवं विधिक सेवाओं के प्रति जागरूक किया जा रहा है। टेंट पर प्रदर्शित फ्लैक्स के माध्यम से मध्यस्थता, न्याय आपके द्वारा, समाधान समारोह, न्याय रो सारथी और सृजन की सुरक्षा सहित अन्य अभियानों का प्रचार प्रसार किया जा रहा है। प्राधिकरण के सदस्य सचिव हरिओम अत्री ने बताया कि रोजाना हजारों की संख्या में नागरिक इस तिराहे पर रुकते हैं। न्याय छाया से एक ओर उन्हें भीषण गर्मी में राहत मिल रही है, वहीं यहां प्रदर्शित जन कल्याणकारी योजनाओं और विधिक अधिकारों से भी वे अपने अधिकारों को जान रहे हैं।