झोपड़ी में लगी आग से जला ट्रक, फायर बिग्रेड की तीन गाड़ियों से बुझी आग

Share

पलामू, 01 जून । डालटनगंज रेलवे स्टेशन के गुड्स यार्ड के पास एक झोपड़ी में लगी आग से पास में खड़ा ट्रक (सीजी 04जेए 2548) जलकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना सोमवार दोपहर के आस पास हुई। फायर बिग्रेड की तीन गाड़ियों से आग बुझायी गयी। ट्रक बेलवाटिका के सूरज कुमार एवं रेडमा के संटू कुमार का बताया गया है।

ट्रक खराब स्थिति में था और उसे कबाड़ में बेचने की तैयारी थी। सम्मानजनक राशि नहीं मिलने के कारण पिछले डेढ माह से ट्रक वहां खड़ा था। झोपड़ी चैनपुर के कंकारी की रहने वाली अनिता कुंवर की थी। एक साल से झोपड़ी बंद थी। पूर्व में होटल के रूप में संचालित था। मजदूर वहां खाना खाया करते थे। अनिता कुंवर के अनुसार आग से झोपड़ी में रखा चार चौकी, दो खटिया, बर्तन, ठेला सहित अन्य सामान जलकर नष्ट हो गए हैं। आग कैसे लगी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है।

दोपहर के समय झोपड़ी में पहले आग लगी। उससे भड़की चिंगारी ने ट्रक को भी अपनी चपेट में ले लिया। गुड्स यार्ड के पास खड़े लोगों ने आग लगता देखकर इसकी जानकारी शहर थाना को दी। थाना से सहायक अवर निरीक्षक संतोष कुमार पांडेय मौके पर पहुंचे। बाद में फायर बिग्रेड की टीम मौके पर पहुंची और तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। ट्रक के जलने से तीन लाख का नुकसान बताया गया है।