जुगसलाई थाना पुलिस ने अवैध हथियार के साथ नाबालिग को किया निरुद्ध

Share

पूर्वी सिंहभूम, 18 जून । पूर्वी सिंहभूम में जुगसलाई थाना पुलिस ने अवैध हथियार रखने के आरोप में एक नाबालिग को निरुद्ध किया है। उसके पास से एक देशी पिस्तौल (कट्टा) और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपित हाल ही में बाल सुधार गृह से बाहर आया था और उस पर अपने ही खिलाफ चल रहे मामलों के गवाहों को धमकाने का भी आरोप है। वह पहले से दो आपराधिक मामलों में अभियुक्त रहा है। इससे पूर्व अक्टूबर 2025 में भी उसे आर्म्स एक्ट के एक मामले में बाल सुधार गृह भेजा गया था।

जुगसलाई थाना प्रभारी गुलाम रब्बानी खां ने बताया कि बिष्टुपुर स्थित पार्वती घाट के समीप एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को देखकर संदिग्ध नाबालिग भागने लगा, लेकिन पीछा कर उसे पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।

पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद नाबालिग को पुनः बाल सुधार गृह भेज दिया है। मामले की आगे जांच जारी है।

———-