सूरजपुर, 19 जून । जिला प्रशासन की संवेदनशील पहल के तहत स्वर्गीय पंचायत सचिव के आश्रित पुत्र दुर्गेश पैकरा को अनुकम्पा नियुक्ति प्रदान की गई है। शुक्रवार को कलेक्टर रेना जमील एवं जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले ने उन्हें ग्राम पंचायत सचिव पद का नियुक्ति आदेश सौंपा।
जानकारी के अनुसार जनपद पंचायत भैयाथान में पदस्थ पंचायत सचिव हीराचंद पैकरा के आकस्मिक निधन के बाद उनके आश्रित पुत्र दुर्गेश पैकरा ने अनुकम्पा नियुक्ति के लिए आवेदन प्रस्तुत किया था। आवेदन प्राप्त होने के बाद जिला प्रशासन ने आवश्यक प्रक्रियाओं को त्वरित रूप से पूर्ण करते हुए उन्हें ग्राम पंचायत सचिव पद पर नियुक्ति प्रदान की।
दुर्गेश पैकरा ग्राम पंचायत चंदरपुर के आश्रित ग्राम टईया, तहसील एवं विकासखंड भैयाथान के निवासी हैं। उनकी पदस्थापना मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत भैयाथान के अधीन की गई है।
नियुक्ति आदेश सौंपते हुए कलेक्टर रेना जमील ने दुर्गेश पैकरा से आत्मीय चर्चा की और उन्हें पूरी निष्ठा, ईमानदारी तथा जिम्मेदारी के साथ शासकीय दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में पंचायत सचिव की महत्वपूर्ण भूमिका होती है, इसलिए जनसेवा के इस दायित्व को पूरी लगन और समर्पण के साथ निभाना चाहिए।
कलेक्टर ने कहा कि शासकीय सेवा केवल एक रोजगार नहीं, बल्कि समाज और जनता के प्रति बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने दुर्गेश पैकरा को ग्रामीणों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने की सलाह दी।
इस दौरान कलेक्टर ने डिजिटल साक्षरता के महत्व पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में कंप्यूटर और तकनीकी ज्ञान प्रत्येक शासकीय कर्मचारी के लिए आवश्यक है। पंचायत स्तर पर होने वाले डिजिटल कार्यों को कुशलतापूर्वक संपादित करने के लिए तकनीकी दक्षता विकसित करना जरूरी है। तकनीक के प्रभावी उपयोग से शासकीय कार्यों में पारदर्शिता और गति आती है, जिसका सीधा लाभ ग्रामीणों को मिलता है।