राजगढ़, 11 जून । मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के कालीपीठ थाना क्षेत्र के ग्राम सांडाहेड़ी में डायल-112 पर तैनात एक आरक्षक के साथ मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने गुरुवार को चार आरोपितों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार कालीपीठ थाने में पदस्थ आरक्षक सोनू भील ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह बुधवार देर रात डायल-112 वाहन पर ड्यूटी कर रहा था। इसी दौरान ग्राम सांडाहेड़ी से विवाद की सूचना मिलने पर वह पुलिस वाहन के साथ मौके पर पहुंचा। वहां पहुंचते ही दूसरे पक्ष के कुछ लोगों ने उन्हें नकली पुलिसकर्मी बताकर अभद्र भाषा में गालियां देना शुरू कर दिया। आरक्षक द्वारा विरोध करने पर आरोपितों ने उनके साथ मारपीट की और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई। इतना ही नहीं, आरोपितों ने जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद सभी आरोपित मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत पर गोपाल पिता प्रेमनारायण यादव, दीपक पुत्र दिनेश, सुरेश पुत्र पूनमचंद और गोविंद पुत्र भारतसिंह यादव निवासी ग्राम सांडाहेड़ी के खिलाफ धारा 296, 115(2), 351(3), 132, 121(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपितों की तलाश की जा रही है। शासकीय कर्मचारी के साथ मारपीट और ड्यूटी में बाधा डालने की घटना को गंभीरता से लिया गया है।