सिरसा: सात नशा तस्कर गिरफ्तार

Share

सिरसा, 26 मई । पुलिस ने नशा तस्करों पर कार्रवाई करते हुए जिले क्षेत्र से सात नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से चार किलो चूरापोस्त व 20 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। एंटी नारकोटिक्स सेल सिरसा प्रभारी ने मंगलवार को बताया कि पुलिस ने जिला के गांव भडोलांवाली क्षेत्र से एक वृद्ध व्यक्ति को चार किलो चूरापोस्त सहित गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि पकड़े गए आरोपी की पहचान गुरचरण सिंह के रूप में हुई है। सेल प्रभारी ने बताया कि पुलिस टीम गश्त व चेकिंग के दौरान गांव भडोलांवाली क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान एक वृद्ध व्यक्ति प्लास्टिक का थैला लेकर आता दिखाई दिया जो कि पुलिस को देखकर छुपने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने शक के आधार पर उसे काबू कर लिया और उसके थैले की तलाशी ली तो उसमें से चार किलो चूरापोस्त बरामद हुआ।

इसके अलावा पुलिस ने शहर के कीर्ति नगर क्षेत्र से आरोपी बलवीर को सात ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। सेल सिरसा प्रभारी ने बताया कि पुलिस टीम गश्त के दौरान शहर के कीर्ति नगर क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान एक युवक पैदल आता दिखाई दिया जो कि पुलिस को देखकर वापस मुडक़र खिसकने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने शक के आधार पर युवक को काबू कर तलाशी ली तो उसके कब्जे से सात ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

डबवाली पुलिस ने गांव देसूजोधा क्षेत्र महकदीप व कुलदीप को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से छह ग्राम हेरोइन बरामद की है। कालांवाली पुलिस ने अभिषेक व गोरा को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सात ग्राम हेरोइन बरामद की है। इसके अलावा सीआईए कालांवाली पुलिस ने हेरोइन तस्करी मामले में फरार चल रहे गुरजंट सिंह को कालांवाली क्षेत्र से काबू किया है। सीआईए कालांवाली हेरोइन तस्करी में वांछित सप्लायर आरोपी परमजीत सिंह को काबू किया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित पुलिस थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।