मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच ग्वालियर-मुरैना में हुई बारिश, खजुराहो 46.5 डिग्री के साथ सबसे गर्म

Share

भोपाल, 29 मई । मध्य प्रदेश में नौतपा के बीच मौसम का एक बेहद अनोखा मिजाज देखने को मिल रहा है, जहां एक तरफ भीषण गर्मी का प्रकोप है तो दूसरी तरफ कई इलाकों में आंधी-बारिश ने दस्तक दी है। शुक्रवार सुबह से ही ग्वालियर में रुक-रुक कर बौछारें गिर रही हैं, जबकि मुरैना जिले में तेज बारिश का दौर जारी है।

मौसम विभाग ने शुक्रवार को ग्वालियर, मुरैना, श्योपुर, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर जिलों में तीव्र लू (हीटवेव) का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा राजधानी भोपाल और जबलपुर सहित 27 जिलों में लू का येलो अलर्ट है, जहां दिन का पारा 43 डिग्री सेल्सियस के ऊपर ही बने रहने का अनुमान है। इंदौर और उज्जैन सहित 11 जिलों में भी आज तेज गर्मी का असर देखा जा रहा है, जबकि छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, रीवा और सिंगरौली समेत 11 अन्य जिलों में आंधी के साथ बारिश की चेतावनी दी गई है।

खजुराहो लगातार सबसे गर्म शहर

25 मई से शुरू हुए नौतपा के बाद से ही पूरा प्रदेश भीषण तपिश की चपेट में है। नौतपा के चौथे दिन यानी गुरुवार को राज्य के 10 प्रमुख शहरों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री या उससे पार दर्ज किया गया। इसमें खजुराहो 46.5 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा। इसके बाद राजगढ़ में ४६ डिग्री, दतिया में 45.7 डिग्री और नौगांव व दमोह में तापमान 45.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। राज्य के बड़े महानगरों की बात करें तो ग्वालियर में 44.7 डिग्री, जबलपुर में ४४ डिग्री, भोपाल में 43.8 डिग्री, उज्जैन में 42.5 डिग्री और इंदौर में 41.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ है।

शनिवार से थमेगी लू, ओले और आंधी का अनुमान

मौसम विभाग ने 29 मई से 1 जून तक के लिए जो अनुमान जारी किया है, उसके अनुसार शुक्रवार का दिन इस सीजन में गर्मी और बारिश का मिलाजुला आखिरी दिन हो सकता है। शनिवार 30 मई से प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव आने वाला है। 30 और 31 मई तथा 1 जून को राज्य के अधिकांश जिलों में तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश होने और कुछ स्थानों पर ओले गिरने की संभावना जताई गई है। इन तीन दिनों के दौरान मध्य प्रदेश के किसी भी जिले में हीटवेव यानी लू का कोई अलर्ट नहीं है। केवल इंदौर व नर्मदापुरम संभाग में ही हल्की गर्मी का प्रभाव देखा जा सकेगा।