नई दिल्ली, 24 मई । रचनात्मक कांग्रेस ने अमरीश रंजन पांडेय को संगठन की राष्ट्रीय इकाई का संचार प्रभारी नियुक्त किया है। संगठन के अध्यक्ष संदीप दीक्षित की ओर से जारी नियुक्ति पत्र में यह जानकारी दी गई।
नियुक्ति पत्र के अनुसार, अमरीश रंजन पांडेय को सामाजिक-राजनीतिक समझ, संचार क्षमता और जनसरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता को देखते हुए यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पत्र में मीडिया एवं संचार से जुड़े दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं। इसके तहत संगठन की ओर से होने वाले सभी आधिकारिक संवाद, प्रेस वार्ता, सार्वजनिक बयान, सोशल मीडिया गतिविधियां और मीडिया समन्वय संगठन की विचारधारा, मूल्यों और आधिकारिक रुख के अनुरूप रखने को कहा गया है।
अधिवक्ता अमरीश रंजन पांडेय भारत के सर्वोच्च न्यायालय, दिल्ली उच्च न्यायालय तथा विभिन्न न्यायाधिकरणों और आयोगों में व्यापक अनुभव रखने वाले एक प्रतिष्ठित वकील हैं। कानूनी पेशे के साथ-साथ उन्होंने पिछले दस वर्षों में राजनीतिक संचार, जनसंपर्क और मीडिया प्रबंधन के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वे पूर्व में भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी तथा राष्ट्रीय प्रवक्ता रह चुके हैं और राष्ट्रीय छात्र संघ (एनएसयूआई) में भी प्रमुख दायित्व संभाल चुके हैं। उन्होंने अखिल भारतीय कांग्रेस समिति की संचार टीम के साथ विभिन्न राज्यों में चुनाव अभियानों और जनसंपर्क कार्यक्रमों में सक्रिय योगदान दिया है।
उल्लेखनीय है की रचनात्मक कांग्रेस को दिसंबर 2025 में शुरू किया गया। इसके राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व सांसद संदीप दीक्षित हैं। यह इकाई पार्टी और बौद्धिक वर्ग, सिविल सोसायटी, शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा विषय विशेषज्ञों के बीच मजबूत पुल का काम करती है।