शिमला, 24 मई । हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ रही कीमतों के खिलाफ सोमवार यानी 25 मई को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में धरना-प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने पार्टी के जिला अध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि इस प्रदर्शन में पार्टी नेताओं, पदाधिकारियों, अग्रणी संगठनों और विभिन्न विभागों के कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई के खिलाफ कांग्रेस एकजुट होकर आवाज उठाएगी।
विनय कुमार ने कहा कि तेल कंपनियां लगातार पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ा रही हैं और केंद्र की भाजपा सरकार इस पर पूरी तरह चुप है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसा लग रहा है जैसे केंद्र सरकार ने तेल कंपनियों को आम लोगों पर आर्थिक बोझ डालने की खुली छूट दे दी है। उनका कहना है कि ईंधन की कीमतें बढ़ने से रोजमर्रा की जरूरत की चीजें भी महंगी होती जा रही हैं और आम लोगों का घर चलाना मुश्किल हो रहा है।
उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ने का असर सीधे महंगाई पर पड़ रहा है। परिवहन खर्च बढ़ने से खाद्य पदार्थों और अन्य जरूरी सामानों की कीमतें भी लगातार ऊपर जा रही हैं। कांग्रेस का कहना है कि भाजपा केवल राजनीतिक बयानबाजी करती है, लेकिन लोगों की परेशानियों पर कोई ठोस कदम नहीं उठा रही।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष करती रहेगी और महंगाई के खिलाफ किसी भी आंदोलन से पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से लोगों के बीच जाकर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज उठाने की अपील भी की।
इस दौरान विनय कुमार ने प्रदेश भाजपा नेताओं पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हाल ही में हुए नगर निकाय चुनावों के परिणामों से भाजपा निराश और हताश है। उनका दावा है कि प्रदेश में भाजपा संगठनात्मक रूप से कमजोर होती जा रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों में भी कांग्रेस बेहतर प्रदर्शन करेगी और जीत हासिल करेगी।
उन्होंने भाजपा पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा लंबे समय से झूठे वादों और राजनीतिक प्रचार के जरिए जनता को भ्रमित करने की कोशिश करती रही है, लेकिन अब लोग वास्तविक मुद्दों को समझने लगे हैं।