काठमांडू, 26 मई । काठमांडू के कई इलाकों में घातक माने जाने वाले ‘हाइली पैथोजेनिक एवियन इन्फ्लुएंजा’ (बर्ड फ्लू) संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके बाद स्थानीय प्रशासन ने उच्च सतर्कता अपनाने की अपील की है। नगरपालिका ने संक्रमण की रोकथाम और नियंत्रण के लिए विशेष अभियान शुरू कर दिया है।
नगरपालिका के प्रमुख प्रशासकीय अधिकृत रामनारायण मौली के अनुसार संक्रमित क्षेत्रों में मौजूद सभी बतख, मुर्गी, बटेर, लौकाट समेत अन्य पक्षियों, उनके अंडों और दाने को पूरी तरह नष्ट किया जा रहा है। संक्रमण को अन्य क्षेत्रों में फैलने से रोकने के लिए प्रभावित इलाकों में पक्षियों का सुरक्षित तरीके से निस्तारण (डिस्पोज) और संक्रमणमुक्त करने का काम तेज किया गया है। चूंकि, बर्ड फ्लू पक्षियों से इंसानों में भी फैल सकता है, इसलिए इसे उच्च जोखिम वाला ‘जूनोटिक’ रोग माना गया है। इसी को ध्यान में रखते हुए नगरपालिका ने आम नागरिकों और पोल्ट्री फार्म संचालकों के लिए कई निर्देश जारी किए हैं।
नगरपालिका ने पोल्ट्री फार्मों में अनावश्यक व्यक्तियों और वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगाने तथा अत्यावश्यक स्थिति में अनिवार्य रूप से संक्रमणमुक्त करने के बाद ही प्रवेश देने का अनुरोध किया है। एक फार्म में काम करने वाले व्यक्ति को दूसरे फार्म में जाने से बचने और इस्तेमाल किए गए अंडों के कागजी क्रेट का दोबारा उपयोग न करने की भी चेतावनी दी गई है। रोग नियंत्रण के लिए फार्मों की जैविक सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने का आग्रह करते हुए नगरपालिका ने फार्म में प्रवेश करते समय अलग बूट और एप्रेन का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए हैं।
इसके अलावा, फार्म परिसर को प्रतिदिन संक्रमणमुक्त करने और कुत्ते, बिल्ली तथा चूहे जैसे अन्य जानवरों को फार्म में प्रवेश न करने देने के लिए भी कहा गया है। उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए नगरपालिका ने मांस और मांसजन्य पदार्थों को अच्छी तरह पकाकर ही सेवन करने तथा पक्षीजन्य उत्पादों के परिवहन के दौरान अनिवार्य रूप से पशु चिकित्सकीय प्रमाणपत्र साथ रखने की सलाह दी है। यदि किसी फार्म या घर में पाले गए पक्षी अचानक बड़ी संख्या में बीमार पड़ें या मर जाएं, तो उन्हें खुले में न फेंककर सुरक्षित तरीके से गड्ढे में दफनाने और तुरंत स्थानीय निकाय, पशु सेवा शाखा या पशु सेवा कार्यालय से संपर्क करने का अनुरोध किया गया है।
काठमांडू नगरपालिका ने ‘सतर्क बनें, बर्ड फ्लू से स्वयं, अपने व्यवसाय और समुदाय को बचाएं’ के संदेश के साथ महामारी नियंत्रण के लिए आम जनता और संबंधित पक्षों से निरंतर सहयोग की अपेक्षा जताई है। नगरपालिका ने बताया कि संक्रमित क्षेत्रों में तकनीकी टीम तैनात कर दी गई है और स्थिति को नियंत्रण में लेने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।