नीट-यूजी पेपर लीक के पांच आरोपित सात दिनों की सीबीआई हिरासत में

Share

नई दिल्ली, 14 मई । दिल्ली के राऊज एवेन्यू कोर्ट ने नीट-यूजी पेपर लीक मामले के पांच आरोपितों को सात दिनों की सीबीआई हिरासत में भेज दिया है। स्पेशल जज अजय गुप्ता ने पांचों को सीबीआई हिरासत में भेजने का आदेश दिया।

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने इन आरोपितों को पेश कर सात दिनों की हिरासत की मांग करते हुए कहा कि इस पूरी साजिश का खुलासा करने के लिए इनसे हिरासत में पूछताछ की जरुरत है। इसके बाद कोर्ट ने नासिक के शुभम खैरनार, जयपुर के मांगीलाल बिवाल, विकास बिवाल और दिनेश बिवाल और गुरुग्राम से यश यादव को सीबीआई हिरासत में भेजने का आदेश दिया। शुभम खैरनार को 13 मई को मुंबई से गिरफ्तार किया गया था, जहां से उसे दो दिनों की ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली लाया गया था।

सीबीआई के मुताबिक तीन मई को नीट की परीक्षा के पहले ही प्रश्न पत्र पीडीएफ फॉर्मेट में व्हाट्सऐप और टेलिग्राम के जरिये सर्कुलेट कर दिए गए। इस मामले में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) के उच्च शिक्षा विभाग के डायरेक्टर वरुण भारद्वाज की शिकायत पर सीबीआई ने 12 मई को एफआईआर दर्ज की थी। सीबीआई के मुताबिक अप्रैल में नासिक के शुभम ने यश यादव से संपर्क कर कहा कि मांगीलाल ने उससे संपर्क कर अपने बेटे को नीट की परीक्षा के लिए दस से बारह लाख रुप में प्रश्न पत्र अरेंज करने को कहा है। 29 अप्रैल को यश यादव ने फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी के प्रश्न पत्र टेलीग्राम के जरिये पीडीएफ फॉर्मेट में उपलब्ध कराया। मांगीलाल ने प्रश्न पत्र हासिल करने के बाद उसके प्रिंट लेकर अपने बेटे अमन बिवाल, संबंधियों और दूसरे जानने वालों को उपलब्ध कराया।

तीन मई को हुई नीट-यूजी की परीक्षा के प्रश्न पत्र लीक होने के आरोपों के बाद इस परीक्षा को निरस्त कर दिया गया। केंद्र सरकार ने इस मामले की सीबीआई जांच का आदेश दिया था।