भोपाल, 28 मई । मध्य प्रदेश में वीर भारत न्यास द्वारा भारत भवन, भोपाल में आयोजित सदानीरा समागम 2026 में बुधवार की रात सांस्कृतिक प्रस्तुतियों प्रभात आर्ट्स इंटरनेशनल द्वारा भागवत पुराण आधारित भव्य नृत्य प्रस्तुति गोवर्धन लीला का मंचन किया गया। इस प्रस्तुति में भक्ति, प्रकृति संरक्षण और पर्यावरण के प्रति सम्मान का संदेश दिया गया।
विशेष आकर्षण के रूप में ड्रोन तकनीक के माध्यम से इंद्र स्वरूप एलईडी स्क्रीन को लगभग 40 फीट ऊंचाई तक ले जाया गया, जबकि मंच पर नीचे गोवर्धन लीला का भव्य होलोग्राफिक दृश्य ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। प्रस्तुति में भगवान श्रीकृष्ण द्वारा लोगों को जल, पर्वत, वृक्ष और पशुओं के सम्मान को ही सच्ची भक्ति बताया गया। कलाकारों के अनुसार यह कथा केवल भगवान श्रीकृष्ण और इंद्र के संघर्ष की नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और संरक्षण का संदेश देती है।
इसके पूर्व रंग में कमांडर सतीश चैम्पीयन के लीडरशिप में भारतीय नौसेना बैंड की प्रस्तुति हुई। इस अवसर पर सभी कलाकारों का वीर भारत न्यास के न्यासी सचिव श्रीराम तिवारी द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में मालती राय, महापौर नगर निगम, भोपाल, भगवानदास सबनानी, विधायक दक्षिण पश्चिम, किशन सूर्यवंशी, अध्यक्ष नगर निगम, भोपाल, दत्तोपंत ठेंगड़ी शोध संस्थान के निदेशक डॉ. मुकेश मिश्रा, मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के महानिदेशक डॉ. अनिल कोठारी अतिथि के रूप में उपस्थित हुए।
सदानीरा उत्सव में गंगा यात्रा की मनमोहक नृत्य प्रस्तुति
बहिरंग मंच पर गंगा यात्रा की भावपूर्ण नृत्य प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रस्तुति में भगवान शिव की जटाओं से अवतरित पावन गंगा की यात्रा, बदलती ऋतुओं के साथ उसका स्वरूप तथा प्रकृति पर मानव हस्तक्षेप के प्रभाव को कलात्मक ढंग से दर्शाया गया। गुरु मालती श्याम के निर्देशन और परिकल्पना में पंडित बिरजू महाराज की कविता एवं पारंपरिक बंदिशों को विभिन्न छंदों में प्रस्तुत किया गया। अश्विनी सोनी, गौरी, आंचल रावत, निकिता वत्स सहित कलाकारों ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया। तबला, सारंगी, पखावज और बांसुरी की मधुर संगत ने कार्यक्रम को विशेष ऊंचाई प्रदान की।
मुख्यमंत्री होंगे मुख्य अतिथि
सदानीरा समागम के दूसरे दिन गुरुवार को सांस्कृतिक कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव होंगे। मुख्यमंत्री इस मौके पर अंतर्जली यात्रा (उज्जैन, इंदौर, भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर) वीर भारत न्यास, मध्य प्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद् पुरोवाक् वीर भारत न्यास, आत्मा की घाटी में पानी का संगीत प्रेमशंकर शुक्ल, जल, संस्कृति और स्थापत्य-राजेश्वर त्रिवेदी का लोकार्पण करेंगे।
समागम के दूसरे दिन अग्नि तत्व और आकाश तत्व पर होगी चर्चा
सदानीरा समामग के दूसरे दिन गुरुवार को अग्नि तत्व और आकाश तत्व पर देश-प्रदेश के विद्वानों द्वारा विमर्श किया जायेगा, जिसमें इसरो के निदेशक प्रकाश चौहान, इसरो के राष्ट्रीय रिमोट सेंसिंग केंद्र के समूह निदेशक डॉ. ईश्वर चंद्र दास, टाटा ट्रस्ट के सलाहकार एच.एन. श्रीनिवास, काशी हिंदू विश्वविद्यालय के प्रो. विनय कुमार पांडे, ओएनजीसी के पीयूष प्रेरित आर्य तथा प्रो. राम नारायण द्विवेदी, टाटा संस के चाको थॉमस, हिंडाल्को के सीएसआर प्रमुख अविजित, वेदांता समूह की अनुपम निधि तथा कैल्डेरिस की उत्सवी दीपक रहेंगे।