ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर जदयू ने एसपी को सौंपा ज्ञापन

Share

पूर्वी सिंहभूम, 15 मई । जनता दल (यूनाइटेड) पूर्वी सिंहभूम महानगर इकाई ने शहर में लगातार बढ़ रही ट्रैफिक अव्यवस्था, सड़क जाम और ट्रैफिक चेकिंग के दौरान आम लोगों को हो रही परेशानियों को लेकर शुक्रवार को पुलिस प्रशासन के समक्ष गंभीर चिंता जताई।

पार्टी के जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने नगर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सिंहभूम को ज्ञापन सौंपकर विशेष रूप से मानगो क्षेत्र की बिगड़ती यातायात व्यवस्था में सुधार की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया कि जमशेदपुर, खासकर मानगो, डिमना रोड, आजादनगर, ओल्ड पुरुलिया रोड और स्कूल क्षेत्रों में लगातार बढ़ते वाहनों के दबाव के कारण आम नागरिकों को प्रतिदिन घंटों जाम का सामना करना पड़ रहा है।

स्थिति यह हो गई है कि स्कूल समय, कार्यालय समय और बाजार खुलने के दौरान सड़कें पूरी तरह अव्यवस्थित हो जाती हैं। इसके साथ ही ट्रैफिक चेकिंग के नाम पर शहर के अलग-अलग हिस्सों में एक ही सड़क पर कई स्थानों पर जांच अभियान चलाए जाने से भी जाम की समस्या और गंभीर हो रही है।

जदयू जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव ने कहा कि वर्तमान व्यवस्था में कई बार एक ही वाहन चालक को थोड़ी दूरी पर बार-बार रोका जाता है, जिससे आम लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रैफिक जांच के दौरान पारदर्शिता की कमी के कारण लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। पार्टी ने मांग की कि शहर में ट्रैफिक चेकिंग की संख्या सीमित की जाए तथा पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाया जाए।

ज्ञापन में यह भी सुझाव दिया गया कि राज्य के अन्य शहरों की तरह जमशेदपुर में भी ऑनलाइन चालान प्रणाली लागू की जाए।

ज्ञापन में कहा गया कि स्कूल खुलने और छुट्टी के समय स्कूल परिसरों के आसपास ट्रैफिक चेकिंग अभियान नहीं चलाया जाना चाहिए, क्योंकि इससे बच्चों, अभिभावकों और स्कूल वाहनों को भारी परेशानी होती है। जाम के कारण कई बार दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।

जदयू नेताओं ने प्रशासन से मांग की कि मानगो क्षेत्र में स्थायी ट्रैफिक प्लान तैयार किया जाए, प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस बल की तैनाती की जाए तथा अवैध पार्किंग और सड़क अतिक्रमण के खिलाफ नियमित अभियान चलाया जाए।