पूर्वी सिंहभूम,25 मई । पूर्वी सिंहभूम जिले के जादूगोड़ा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई,जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना नरवा पहाड़-जादूगोड़ा मुख्य सड़क पर जादूघुटू के पास रात करीब साढ़े नौ बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार राजदोहा के खुर्शी टोला निवासी सुरेंद्र हांसदा (30) अपने साथी दसमत हांसदा के साथ मोटरसाइकिल संख्या जेएच 05 ईसी 3873 से जादूगोड़ा से नरवा पहाड़ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही ऑटो संख्या जेएच 05 सी 6688 से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही जादूगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल यूसिल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद सुरेंद्र हांसदा को मृत घोषित कर दिया, जबकि दसमत हांसदा की हालत गंभीर बनी हुई है। उसका इलाज कंपनी अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और ऑटो को जब्त कर लिया है। जादूगोड़ा थाना प्रभारी ईश्वर दयाल मुंडा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।